रिया सिन्हा: बॉलीवुड के दिवंगत अभिनेता धर्मेंद्र के निधन के बाद उनकी बेटी ईशा देओल ने पिता की बर्थ एनिवर्सरी के मौके पर एक दिल तोड़ने वाला और बेहद भावुक पोस्ट सोशल मीडिया पर साझा किया है। 8 दिसंबर को अगर धर्मेंद्र जीवित होते, तो अपना 90वां जन्मदिन मनाते, लेकिन 24 नवंबर को दुनिया को अलविदा कह गए ‘ही-मैन’ को ईशा ने अपनी पोस्ट में ‘प्यारे पापा’ कहते हुए याद किया है। ईशा ने पिता के साथ अपनी बचपन की और कुछ कैंडिड तस्वीरें भी साझा की हैं, जिन्हें देखकर फैंस की आंखें भी नम हो गई हैं।
‘हमारा पैक्ट, सबसे मजबूत बंधन‘
ईशा देओल ने अपने पोस्ट में लिखा, “मेरे प्यारे पापा। हमारा पैक्ट, सबसे मजबूत बंधन। ‘हम’ कई जन्मों, सभी लोकों और उससे भी परे… हम हमेशा साथ हैं पापा। चाहे स्वर्ग हो या धरती, हम एक हैं।” यह भावुक संदेश पिता-पुत्री के अटूट रिश्ते को बयां करता है। उन्होंने आगे लिखा कि उन्होंने पिता को बहुत प्यार से, सावधानी से और कीमती तरीके से अपने दिल में छुपा रखा है, ताकि वह जिंदगी भर उन्हें अपने साथ लेकर चल सकें। इस पोस्ट से साफ है कि ईशा अपने पिता को खोने के गहरे सदमे से गुजर रही हैं और उनकी यादों को संजोकर रख रही हैं।
‘आपकी आवाज मेरा कम्बल जैसी लगती थी‘
पिता की यादों को साझा करते हुए ईशा ने लिखा, “मैं आपको बेहद दर्द के साथ याद करती हूं पापा… आपके नरम पर मजबूत हाथ, जिनमें अनकही बातें छिपी होती थीं… और आपका मेरा नाम लेकर पुकारना, जिसके बाद लंबी बातें, हंसी और शायरियां होती थीं।” ईशा ने बताया कि आपके मेरा नाम पुकारने की आवाज, आपकी गरमाहट और प्रोटेक्टिव हग मुझे आरामदायक कम्बल जैसी लगती थी। उन्होंने धर्मेंद्र के दिए गए जीवन मंत्र को भी याद किया, जिसमें उन्होंने हमेशा ‘विनम्र, खुश, स्वस्थ और मजबूत रहने’ की सीख दी थी। ईशा ने वादा किया कि वह उनकी विरासत को गर्व और सम्मान के साथ आगे बढ़ाएंगी।
धर्मेंद्र का निधन और अंतिम संस्कार
दिग्गज अभिनेता धर्मेंद्र का निधन 24 नवंबर को उम्र संबंधी बीमारियों के कारण उनके मुंबई स्थित आवास पर हो गया था। उनके निधन के बाद से ही पूरा परिवार और बॉलीवुड इंडस्ट्री शोक में डूबी हुई है। ईशा देओल का यह पोस्ट उनके निधन के बाद का पहला सार्वजनिक पोस्ट है, जिसमें उन्होंने अपने पिता के प्रति अपने गहरे प्रेम और सम्मान को व्यक्त किया है।

