रिया सिन्हा: बॉलीवुड के पावर कपल दीपिका पादुकोण और रणवीर सिंह ने इस दिवाली अपने फैंस को सबसे खास तोहफा दिया है। दोनों ने पहली बार अपनी बेटी ‘दुआ पादुकोण सिंह’ का चेहरा दुनिया के सामने रिवील किया है। दिवाली के शुभ अवसर पर, इस जोड़े ने सोशल मीडिया पर कुछ मनमोहक पारिवारिक तस्वीरें साझा कीं। तस्वीरों में पूरा परिवार पारंपरिक भारतीय पोशाक में नज़र आया। दीपिका और उनकी बेटी दुआ ने लाल रंग के मैचिंग आउटफिट पहने हुए थे, जबकि रणवीर सिंह क्रीम रंग के कुर्ते-पायजामे में दिख रहे थे, जो उनके लुक को कम्प्लीमेंट कर रहा था।
मासूमियत से भरी दुआ ने जीता सबका दिल
तस्वीरों में, नन्ही दुआ बेहद प्यारी लग रही थीं। एक तस्वीर में, वह मुस्कुराते हुए अपनी छोटी उंगलियों को मुंह में लिए हुए हैं, वहीं एक और फोटो में वह अपनी मां दीपिका की गोद में बैठी हैं, जहां मां और बेटी दिवाली की पूजा कर रही हैं। रणवीर सिंह अपनी बेटी को प्यार भरी नज़रों से देखते हुए मुस्करा रहे हैं, जिससे एक पिता का स्नेह साफ झलक रहा है। फैंस दुआ की क्यूटनेस पर फिदा हो गए हैं और सोशल मीडिया पर दुआ को ‘मिनी दीपिका’ बता रहे हैं। कई सेलेब्स ने भी कमेंट सेक्शन में इस खूबसूरत परिवार पर खूब प्यार बरसाया।
दुआ: हमारी प्रार्थनाओं का जवाब
दीपिका और रणवीर ने पिछले साल 8 सितंबर, 2024 को अपनी बेटी दुआ का दुनिया में स्वागत किया था। उन्होंने लगभग एक साल तक अपनी बेटी को लाइमलाइट से दूर रखा था। दंपति ने पहले ही खुलासा किया था कि ‘दुआ’ का अर्थ ‘प्रार्थना’ है, क्योंकि वह उनकी प्रार्थनाओं का उत्तर है। इन तस्वीरों को शेयर करते हुए उन्होंने सभी को ‘दीपावली की हार्दिक शुभकामनाएँ’ दीं। यह पहली बार है जब फैंस को उनकी लाडली का दीदार हुआ है, जिसने इस दिवाली के जश्न को और भी यादगार बना दिया है।

