रिया सिन्हा
फिल्ममेकर प्रशांत वर्मा के ‘प्रशांत वर्मा सिनेमैटिक यूनिवर्स’ (PVCU) की अगली पेशकश ‘महाकाली’ से बॉलीवुड अभिनेता अक्षय खन्ना का फर्स्ट लुक सामने आया है। इस पौराणिक फिल्म में अक्षय खन्ना को दैत्यों के गुरु शुक्राचार्य के शक्तिशाली और रहस्यमय किरदार में दिखाया गया है। यह लुक इतना दमदार और परिवर्तित है कि पहली नज़र में उन्हें पहचानना बेहद मुश्किल हो रहा है।
दमदार लुक और तेलुगु सिनेमा में डेब्यू
दुर्गा अष्टमी के शुभ अवसर पर जारी किए गए इस पोस्टर में अक्षय खन्ना एक गहन ऋषि जैसे रूप में नजर आ रहे हैं। वह लंबी, सफेद दाढ़ी और सफेद जटाओं के साथ महाकाल का तिलक लगाए हुए हैं। उनकी एक आंख चांदी की तरह चमकती हुई दिख रही है, जो उनके रहस्यमय व्यक्तित्व को दर्शाती है। सियाह परछाईं में लिपटे और सफेद धोती पहने अक्षय खन्ना किसी मायावी गुरु से कम नहीं लग रहे।
निर्देशक प्रशांत वर्मा ने पोस्टर साझा करते हुए लिखा, “देवताओं की छाया में, विद्रोह की सबसे प्रखर ज्वाला उठी। पेश है ‘महाकाली’ से शाश्वत ‘असुरगुरु शुक्राचार्य’ के रूप में रहस्यमय अक्षय खन्ना।”
यह फिल्म अक्षय खन्ना के करियर में एक और बड़ा किरदार है, खासकर ‘छावा’ में औरंगजेब की दमदार भूमिका के बाद। इसके साथ ही, ‘महाकाली’ के जरिए अक्षय तेलुगु सिनेमा में भी अपना डेब्यू कर रहे हैं।
फैंस ने की अमिताभ बच्चन के लुक से तुलना
अक्षय खन्ना के इस ट्रांसफॉर्मेशन को देखकर फैंस काफी उत्साहित हैं। हालांकि, कई यूजर्स ने उनके लुक की तुलना नाग अश्विन की फिल्म ‘कल्कि 2898 एडी’ में अमिताभ बच्चन के अश्वत्थामा वाले लुक से की है। सोशल मीडिया पर एक यूजर ने लिखा, “अमिताभ बच्चन 40% डाउनलोड,” जबकि कई अन्य ने इसे ‘परफेक्ट कास्टिंग’ बताते हुए अक्षय की तारीफ की है। ‘महाकाली’ एक महिला सुपरहीरो की कहानी पर आधारित है, जिसका निर्देशन पूजा अपर्णा कोल्लुरु कर रही हैं।
