
रोहित रजक भोपाल। साल जुलाई के महीने में जब स्कूल खुलते हैं, तो गलियों और मोहल्लों में एक अलग ही रौनक देखने को मिलती है। छुट्टियों के बाद फिर से स्कूलों में चहल-पहल लौट आती है। खासकर जब छोटे-छोटे बच्चे पहली बार स्कूल जाते हैं, तो उनका उत्साह, मासूमियत और नई यूनिफॉर्म में झलकता आत्मविश्वास देखना हर किसी को अच्छा लगता है।
सुबह-सुबह तैयार होते बच्चों की घरों में गूंजती आवाजें, मम्मी का टिफिन तैयार करना, पापा का बैग में किताबें रखना और बच्चों का आईने के सामने खड़े होकर खुद को निहारना – ये सब दृश्य बहुत अपनेपन भरे होते हैं। पहली बार स्कूल जाने वाले बच्चों के लिए यह दिन बेहद खास होता है।
उनके लिए ये सिर्फ स्कूल का पहला दिन नहीं, बल्कि जिंदगी की पहली सीढ़ी चढ़ने जैसा होता है।बच्चों की नई यूनिफॉर्म, नई किताबें, नई बोतल, नयी पेंसिल – सब कुछ उनके लिए एक नई दुनिया का हिस्सा होता है। यूनिफॉर्म पहनना सिर्फ कपड़े पहनने की बात नहीं होती, ये बच्चों के लिए स्कूल का हिस्सा बनने और जिम्मेदारी महसूस करने का पहला अनुभव होता है।

जब बच्चा आईने में खुद को यूनिफॉर्म में देखता है, तो उसके चेहरे पर जो मुस्कान आती है, वह बहुत खास होती है।गांवों और कस्बों में यह नजारा और भी भावुक कर देने वाला होता है।
कई माता-पिता अपने बच्चों को पढ़ाने के लिए अपनी कमाई का बड़ा हिस्सा खर्च करते हैं। मजदूरी करके, सिलाई करके, छोटे-मोटे काम करके वे अपने बच्चों के लिए किताबें, यूनिफॉर्म और फीस का इंतजाम करते हैं।
जब उनका बच्चा तैयार होकर स्कूल जाता है, तो वे गर्व से भर जाते हैं। उनके लिए वह बच्चा केवल स्कूल नहीं जा रहा होता, बल्कि पूरे परिवार की उम्मीदों और सपनों को लेकर आगे बढ़ रहा होता है।
शहरों के प्राइवेट स्कूलों में जहां आधुनिक सुविधाएं और स्मार्ट क्लासेज हैं, वहीं सरकारी स्कूलों में भी अब बच्चों को बेहतर शिक्षा देने के प्रयास हो रहे हैं।
मध्यप्रदेश जैसे राज्यों में सरकार यूनिफॉर्म और किताबें भी मुफ्त देने लगी है, जिससे गरीब तबके के बच्चों को पढ़ाई में सहायता मिल रही है।शिक्षकों की भूमिका भी इस समय बहुत अहम हो जाती है।
जब कोई बच्चा पहली बार क्लास में आता है, तो वो घबराया हुआ होता है। टीचर अगर प्यार से उसका स्वागत करें, तो वह बच्चा जल्दी घुल-मिल जाता है। एक अच्छा शिक्षक ही बच्चे को सीखने की दिशा में प्रेरित करता है।
उसका आत्मविश्वास बढ़ाता है, स्कूल एक ऐसी जगह है जहाँ न केवल किताबों की पढ़ाई होती है, बल्कि बच्चों को संस्कार, अनुशासन, दोस्ती, मेहनत और सपनों को सच करने की कला भी सिखाई जाती है।
यूनिफॉर्म में बैठा हर बच्चा एक कहानी होता है – किसी का सपना डॉक्टर बनने का है, तो कोई इंजीनियर या टीचर बनना चाहता है। कोई अपनी मां की मदद करना चाहता है, तो कोई अपने पापा का सिर गर्व से ऊँचा करना चाहता है।
इसलिए जब भी हम नई यूनिफॉर्म में स्कूल जाते बच्चों को देखें, तो हमें समझना चाहिए कि ये सिर्फ एक आम दृश्य नहीं, बल्कि आने वाले कल की नींव है। इन बच्चों के सपनों को उड़ान देने के लिए हम सभी को मिलकर एक अच्छा माहौल बनाना होगा – घर पर, स्कूल में और समाज में।
क्योंकि यही छोटे कदम आगे चलकर बड़े बदलाव लाएंगे। यही नन्हे बच्चे हमारे देश का उज्ज्वल भविष्य हैं, जो आज नई यूनिफॉर्म में सपनों की दुनिया की ओर पहला कदम बढ़ा रहे हैं।
