Muskan Garg: UPI (एकीकृत भुगतान इंटरफेस) ने डिजिटल इंडिया में भुगतान करना बहुत आसान बना दिया है। UPI आज चाय की दुकान से लेकर मॉल और ऑनलाइन शॉपिंग तक हर जगह उपलब्ध है। लेकिन सुविधा के साथ-साथ साइबर फ्रॉड का खतरा भी तेजी से बढ़ा है। जरा सी लापरवाही आपका बैंक अकाउंट खाली कर सकती है। इसलिए अगर आप PhonePe, Google Pay, Paytm या किसी भी UPI ऐप का इस्तेमाल करते हैं, तो इन सेफ्टी टिप्स को जरूर अपनाएं।
UPI फ्रॉड कैसे होते हैं? समझना है जरूरी:
आजकल ठग नए-नए तरीके अपनाते हैं। कभी खुद को बैंक अधिकारी बताकर कॉल करते हैं, तो कभी फर्जी लिंक भेजकर आपकी जानकारी चुरा लेते हैं। QR कोड स्कैन करने या “रिफंड” के नाम पर पैसे मंगवाने के लिए जाल बिछाया जाता है। याद रखना QR कोड स्कैन करने से पैसे नहीं आते बल्कि जाते हैं।
UPI इस्तेमाल करते समय अपनाएं ये जरूरी सेफ्टी टिप्स:
1. UPI PIN किसी को न बताएं: बैंक या UPI कंपनी कभी भी आपसे PIN नहीं मांगती। कॉल, मैसेज या ई-मेल के जरिए PIN पूछने वाला व्यक्ति जरूर ठग होता है।
2. अनजान लिंक पर क्लिक न करें: WhatsApp, SMS या ई-मेल से आए संदिग्ध लिंक पर क्लिक करने से बचें। इससे आपका फोन हैक हो सकता है।
3. QR कोड सोच-समझकर स्कैन करें: पैसे प्राप्त करने के लिए QR स्कैन करने की जरूरत नहीं होती। अगर कोई आपसे ऐसा करने को कहे, तो सतर्क हो जाएं।
4. ऐप को रखें अपडेट: हमेशा UPI ऐप का लेटेस्ट वर्जन इस्तेमाल करें। अपडेट्स में सिक्योरिटी फीचर्स बेहतर होते हैं।
5. स्क्रीन लॉक और बायोमेट्रिक जरूर लगाएं: फोन में PIN, फिंगरप्रिंट या फेस लॉक जरूर रखें ताकि फोन चोरी होने पर कोई गलत इस्तेमाल न कर सके।
फ्रॉड हो जाए तो तुरंत क्या करें?
अगर आपके साथ UPI फ्रॉड हो गया है तो देर न करें:
• तुरंत अपने बैंक के कस्टमर केयर से संपर्क करें।
• 1930 पर कॉल करें या cybercrime.gov.in पर शिकायत दर्ज करें।
• UPI ऐप में जाकर ट्रांजैक्शन रिपोर्ट करें।
सावधानी ही है सबसे बड़ा बचाव:
UPI ने जिंदगी आसान जरूर बनाई है, लेकिन सतर्कता बेहद जरूरी है। थोड़ी सी समझदारी और सही जानकारी आपको आर्थिक नुकसान से बचा सकती है। इसलिए अगली बार जब भी UPI से पेमेंट करें, इन सेफ्टी टिप्स को याद रखें ताकि आपका बैंक अकाउंट सुरक्षित रहे और आप बेफिक्र होकर डिजिटल भुगतान कर सकें।
