Baljinder Kaur: नया साल आते ही मोबाइल पर “Happy New Year” के मैसेज, WhatsApp फॉरवर्ड और लिंक की भरमार हो जाती है। लेकिन इन शुभकामनाओं के बीच कुछ मैसेज ऐसे भी होते हैं जो आपकी खुशियों के साथ-साथ आपके बैंक अकाउंट को भी खाली कर सकते हैं। साइबर अपराधी नए साल जैसे मौकों का फायदा उठाकर लोगों को ठगने की नई-नई तरकीबें अपनाते हैं। इसलिए जरूरी है सतर्क रहना और ऐसे मैसेज से सावधान रहना। फर्जी New Year greetings के नाम पर APK फाइल भेजकर ठगी की जा रही है। फाइल इंस्टॉल होते ही फोन और बैंकिंग ऐप्स पर कंट्रोल हो सकता है।
APK फाइल क्या होती है और क्यों है खतरनाक?
APK यानी Android Package Kit, एंड्रॉयड फोन में ऐप इंस्टॉल करने की फाइल होती है, जैसे Windows में .exe फाइल। आमतौर पर ऐप्स Google Play Store से सुरक्षित तरीके से डाउनलोड होते हैं। जैसे ही यह फर्जी APK फाइल फोन में इंस्टॉल होती है, कुछ ही घंटों में अजीब गतिविधियां दिखने लगती हैं। ऐप्स अपने आप खुलने लगते हैं, कॉन्टैक्ट्स तक बिना अनुमति पहुंच बन जाती है और कई मामलों में UPI या बैंक अकाउंट से अनधिकृत ट्रांजैक्शन भी हो जाते हैं।
कैसे काम करता है “Happy New Year” स्कैम?
साइबर ठग नए साल पर आकर्षक मैसेज भेजते हैं जैसे –
Happy New Year! यहां क्लिक करें और पाएं गिफ्ट/कैशबैक
New Year Offer – आपका इनाम तैयार है
Happy New Year Card देखें
इन मैसेज में एक लिंक होता है। जैसे ही आप उस लिंक पर क्लिक करते हैं, आप किसी फर्जी वेबसाइट पर पहुंच जाते हैं। वहां आपसे मोबाइल नंबर, OTP, बैंक डिटेल या UPI पिन डालने को कहा जाता है। एक बार आपने जानकारी दी और आपका अकाउंट कुछ ही मिनटों में खाली हो सकता है।
WhatsApp और SMS से हो रहा सबसे ज्यादा फ्रॉड
आजकल सबसे ज्यादा ठगी WhatsApp और SMS के जरिए हो रही है। ठग आपके जानने वाले के नाम या प्रोफाइल फोटो का इस्तेमाल भी कर सकते हैं जिससे मैसेज असली लगे। कई बार फोन में मैलवेयर भी इंस्टॉल हो जाता है जो आपकी निजी जानकारी चुरा लेता है।
कैसे पहचानें फर्जी “Happy New Year” मैसेज?
मैसेज में अजीब लिंक या शॉर्ट URL हो।
ज्यादा लालच देने वाली बात लिखी हो।
बैंक, KYC, OTP या UPI पिन मांगे।
भेजने वाले की भाषा गलत या अटपटी हो।
अगर इनमें से कोई भी बात दिखे, तो समझ जाएं कि मैसेज फर्जी हो सकता है।
खुद को सुरक्षित रखने के आसान उपाय
अनजान लिंक पर कभी क्लिक न करें।
OTP, ATM पिन, UPI पिन किसी को न बताएं।
बैंक या सरकारी संस्था कभी मैसेज में डिटेल नहीं मांगती।
फोन में एंटी-वायरस और सिक्योरिटी अपडेट रखें।
संदिग्ध मैसेज को तुरंत डिलीट और रिपोर्ट करें।
अगर फ्रॉड हो जाए तो क्या करें?
अगर गलती से आपने लिंक खोल दिया या पैसे कट गए हों, तो तुरंत:
अपने बैंक को सूचना दें।
साइबर क्राइम हेल्पलाइन 1930 पर कॉल करें।
cybercrime.gov.in पर शिकायत दर्ज करें।
नया साल खुशियों और नई शुरुआत का समय है न कि पछतावे का। इसलिए “Happy New Year” का कोई भी मैसेज आंख बंद करके न खोलें। थोड़ी सी सावधानी आपको बड़े नुकसान से बचा सकती है। याद रखें सतर्कता ही सबसे बड़ी सुरक्षा है।
