Muskan Garg: हाल ही में सामने आई एक दिल दहला देने वाली घटना जिसने पूरे देश को झकझोर के रख दिया। मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, कॉलेज जाने के लिए ट्रेन से सफर कर रहे एक मराठी मूल के 19 साल के छात्र के साथ एक यात्री ने सिर्फ इसलिए मारपीट की क्योंकि वह हिंदी में बात कर रहा था। यह घटना न केवल मानवता पर सवाल उठाती है, बल्कि भाषाई कट्टरता की बढ़ती प्रवृत्ति को भी उजागर करती है।
ट्रेन में बढ़ता तनाव, हिंदी क्यों बोले?
प्रमाणों के अनुसार, छात्र हिंदी में अपने दोस्त से सामान्य बातचीत कर रहा था। तब दूसरे यात्री ने आपत्ति जताई, जिससे बहस मारपीट में बदल गई। रेलवे अधिकारियों ने विद्यार्थी को बचाया, लेकिन वह घटना से वह मानसिक रूप से टूट गया था।
मानसिक आघात और असहनीय दबाव ने छीनी मासूम छात्र की जिंदगी:
सूत्रों के अनुसार, घटना के बाद छात्र लगातार सदमे में था। कॉलेज भी नहीं जा रहा था और उसके परिवार ने कहा कि वह भय, शर्म और भावनात्मक तनाव से उबर नहीं पा रहा था। कुछ दिनों बाद, बड़े मनोवैज्ञानिक दबाव में उसने आत्महत्या कर दी। यह घटना यह साफ करती है कि हिंसा हमेशा सिर्फ शारीरिक रूप से नहीं होती, कुछ घाव व्यक्ति को अंदर से तोड़ कर रख देते हैं।
भाषा का मोल या इंसान की जान का?
भारत जैसे विविधतापूर्ण देश में भाषा एक पुल है, जो लोगों को एक दूसरे से जोड़ता है। हिंदी, मराठी, तमिल और बंगाली भाषाएँ, हमारी प्रत्येक भाषा हमारी सांस्कृतिक धरोहर है। किसी व्यक्ति की भाषा के आधार पर उसपर हमला करना असल में उस व्यक्ति की अस्मिता और पहचान पर हमला करने जैसा है क्योंकि भारत एकमात्र ऐसा देश है जहां हर धर्म, मूल और हर संस्कृति के लोग प्यार से मिल जुलकर रहते है और अगर यहां भी ऐसा होगा तो ये सोचने की डरने की बात है।
समाज के लिए चेतावनी और सीख:
यह घटना हमें कई महत्वपूर्ण प्रश्नों पर लाकर छोड़ती है:
1.)क्या भाषा भेदभाव कर सकती है?
2.)क्या शिक्षा और जागरूकता के बावजूद हम अब भी इतनी कट्टरतावादी सोच में जी रहे हैं?
3.)क्या एक युवा की जान हमें नहीं जगा सकती?
एकता की राह: सम्मान और संवेदना से:
हिंसा किसी मसले का समाधान नहीं। एक-दूसरे की भाषा, संस्कृति और अस्तित्व का सम्मान करना हमारे समाज को मजबूत बनाता है। जरूरत है कि स्कूलों, कॉलेजों और समाज में भाषायी सद्भाव को बढ़ावा दिया जाए और ऐसी घटनाओं के खिलाफ कड़ी कार्रवाई हो।
इस दुखद घटना ने एक बार फिर साबित किया है कि कट्टरता सिर्फ बहस नही कराती बल्कि किसीकी जिंदगी भी छीन सकती है इसलिए अब समय है कि हम भाषा की नहीं, मानवता की आवाज़ बनें और खुशहाल भारत की ओर कदम बढ़ाए।
