Baljinder Kaur: टी20 विश्व कप 2026 शुरू होने से पहले ही बड़ा विवाद सामने आया जिसका अंत बांग्लादेश के टूर्नामेंट से बाहर होने के साथ हुआ। अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) ने बांग्लादेश की जगह स्कॉटलैंड को ग्रुप सी में शामिल करने का आधिकारिक ऐलान कर दिया है। इसके साथ ही आईसीसी ने टूर्नामेंट का अपडेटेड शेड्यूल भी जारी कर दिया है। यह फैसला कई हफ्तों तक चले सुरक्षा और कार्यक्रम को लेकर विवाद के बाद लिया गया।

कैसे शुरू हुआ बांग्लादेश विवाद?
इस विवाद की शुरुआत तब हुई जब आईपीएल 2026 से पहले कोलकाता नाइट राइडर्स ने बांग्लादेश के तेज गेंदबाज मुस्तफिजुर रहमान को रिलीज कर दिया। इसके बाद बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (बीसीबी) ने भारत में सुरक्षा का हवाला देते हुए टी20 विश्व कप के अपने मैच भारत में खेलने से इनकार कर दिया।
बीसीबी ने आईसीसी के सामने प्रस्ताव रखा कि बांग्लादेश को ग्रुप सी से हटाकर ग्रुप बी में रखा जाए क्योंकि ग्रुप बी के मैच श्रीलंका में होने थे। हालांकि आईसीसी ने इस मांग को खारिज कर दिया।

आईसीसी का सख्त रुख
आईसीसी और बीसीबी के बीच करीब तीन हफ्तों तक बातचीत चली। इस दौरान कई बैठकें, वीडियो कॉन्फ्रेंस और सुरक्षा आकलन किए गए। आईसीसी ने स्पष्ट किया कि भारत में बांग्लादेश टीम, अधिकारियों और समर्थकों के लिए कोई ठोस या विश्वसनीय सुरक्षा खतरा नहीं पाया गया है। आईसीसी ने बांग्लादेश को अल्टीमेटम दिया कि वह तय कार्यक्रम के अनुसार भारत में खेले या फिर उसकी जगह किसी अन्य टीम को शामिल किया जाएगा। 22 जनवरी को बांग्लादेश ने एक बार फिर खेलने से इनकार कर दिया जिसके बाद 24 जनवरी को आईसीसी ने बांग्लादेश को बाहर कर स्कॉटलैंड को ग्रुप सी में शामिल कर लिया।

स्कॉटलैंड को मिला बड़ा मौका

बांग्लादेश के बाहर होने के बाद स्कॉटलैंड को टूर्नामेंट में खेलने का सुनहरा मौका मिला है। स्कॉटलैंड भारत में कुल चार मुकाबले खेलेगा। यह टीम पहले भी अपने जुझारू प्रदर्शन के लिए जानी जाती रही है और अब उसे बड़े मंच पर खुद को साबित करने का अवसर मिलेगा।

टी20 विश्व कप 2026 का आयोजन
टी20 विश्व कप 2026 की मेजबानी भारत और श्रीलंका संयुक्त रूप से करेंगे। टूर्नामेंट की शुरुआत 7 फरवरी से होगी। इस बार भी कुल 20 टीमें हिस्सा ले रही हैं जिन्हें चार ग्रुप में बांटा गया है। प्रत्येक ग्रुप से शीर्ष दो टीमें सुपर-8 में पहुंचेंगी। इसके बाद सेमीफाइनल और फाइनल मुकाबले खेले जाएंगे।

सेमीफाइनल और फाइनल के वेन्यू

पहला सेमीफाइनल 4 मार्च को कोलकाता या कोलंबो में खेला जाएगा जबकि फाइनल मुकाबला अहमदाबाद या कोलंबो में होगा। यह पूरी तरह पाकिस्तान की क्वालिफिकेशन पर निर्भर करेगा क्यूकी आईसीसी, बीसीसीआई और पीसीबी के समझौते के तहत 2027 तक दोनों देशों के मैच तटस्थ स्थल पर ही होंगे।

टी20 विश्व कप 2026 से पहले बांग्लादेश विवाद ने क्रिकेट जगत में हलचल मचा दी लेकिन आईसीसी के फैसले के बाद तस्वीर साफ हो गई है। अब सभी की नजरें स्कॉटलैंड के प्रदर्शन और भारत के खिताब बचाने के मिशन पर टिकी होंगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *