Baljinder Kaur: टी20 वर्ल्ड कप 2026 की शुरुआत से ठीक पहले भारत और पाकिस्तान के बीच होने वाले मुकाबले को लेकर बड़ा विवाद खड़ा हो गया है। पाकिस्तान सरकार ने कोलंबो में 15 फरवरी को होने वाले भारत-पाकिस्तान मैच से दूरी बनाने का ऐलान किया है। इस राजनीतिक फैसले ने क्रिकेट जगत में हलचल मचा दी है।
सूर्यकुमार यादव तोड़ी चुप्पी
इस पूरे मामले पर भारतीय टीम के कप्तान सूर्यकुमार यादव ने अपनी चुप्पी तोड़ी है और भारत का रुख साफ कर दिया है। सूर्यकुमार यादव बोले – हमने खेलने से इनकार नहीं किया, मुंबई और कोलंबो में आयोजित आईसीसी कैप्टंस मीट के दौरान भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव ने कहा कि भारत ने कभी पाकिस्तान के खिलाफ खेलने से मना नहीं किया। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा, “आईसीसी ने जो शेड्यूल बनाया है, हम उसके अनुसार खेलने के लिए पूरी तरह तैयार हैं। हमारी टिकट बुक हैं और टीम अपने तय कार्यक्रम के मुताबिक आगे बढ़ रही है।” सूर्यकुमार ने बताया कि भारतीय टीम पहले अमेरिका और कनाडा के खिलाफ अपने शुरुआती मुकाबले खेलेगी और उसके बाद कोलंबो रवाना होगी।
पीसीबी नहीं, पाकिस्तान सरकार ने लिया फैसला
इस पूरे विवाद की जड़ पाकिस्तान सरकार का वह फैसला है, जिसमें उसने अपनी टीम को भारत के खिलाफ मैच न खेलने की सलाह दी है। खास बात यह है कि यह घोषणा पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) ने नहीं, बल्कि सीधे पाकिस्तान सरकार ने प्रेस रिलीज जारी कर की। आईसीसी ने भी साफ किया है कि उसे पीसीबी की ओर से इस संबंध में कोई आधिकारिक सूचना नहीं मिली है।
राजनीति बनाम खेल – सवालों के घेरे में पाकिस्तान
पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने भारत के खिलाफ मैच का बहिष्कार करते हुए कहा कि खेल के मैदान पर राजनीति नहीं होनी चाहिए। हालांकि, उनकी इस बात पर सवाल उठ रहे हैं क्योंकि फैसला खुद उनकी सरकार ने लिया है।
आईसीसी की चेतावनी और संभावित नुकसान
आईसीसी ने पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड को चेतावनी दी है कि अगर यह हाई-प्रोफाइल मुकाबला नहीं खेला गया तो इसके गंभीर परिणाम हो सकते हैं। भारत-पाकिस्तान मैच न केवल क्रिकेट फैंस के लिए सबसे बड़ा आकर्षण होता है, बल्कि इससे प्रसारकों, प्रायोजकों और विज्ञापनदाताओं को भारी राजस्व भी मिलता है। मैच के रद्द होने से आईसीसी को बड़ा आर्थिक नुकसान हो सकता है।
बांग्लादेश विवाद से जुड़ी कहानी
इससे पहले बांग्लादेश ने सुरक्षा कारणों का हवाला देते हुए भारत में खेलने से इनकार किया था, जिसके बाद उसे टूर्नामेंट से बाहर कर स्कॉटलैंड को शामिल किया गया। यह फैसला तेज गेंदबाज मुस्ताफिजुर रहमान को आईपीएल से बाहर किए जाने के बाद सामने आया, जिससे विवाद और गहरा गया।
टी20 वर्ल्ड कप 2026 से पहले भारत-पाकिस्तान मुकाबले को लेकर बना यह विवाद क्रिकेट से ज्यादा राजनीति का रंग ले चुका है। भारत ने अपना रुख साफ कर दिया है कि वह खेलने के लिए तैयार है। अब निगाहें आईसीसी और पाकिस्तान के अगले कदम पर टिकी हैं, क्योंकि दुनिया भर के क्रिकेट फैंस इस महामुकाबले का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं।
