पूर्णिमा गुप्ता:- यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ ने बरेली में शुक्रवार को हुई हिंसा पर बयान दिया है। आज शनिवार को लखनऊ में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान सीएम योगी ने कहा वह मौलाना भूल गया कि शासन किसका है, उसे लगता था कि धमकी देंगे और जबरदस्ती जाम कर देंगे। लेकिन हमने कहा कि न जाम होगा और न ही कर्फ्यू लगेगा लेकिन कर्फ्यू का सबक तुम्हें ऐसा सिखा देंगे कि तुम्हारी आने वाली पीढ़ी दंगा करना भूल जाएगी।
बरेली में जुमे की नमाज के बाद हिंसा का पूरा मामला
शुक्रवार को जुमे की नमाज के बाद, बड़ी संख्या में लोग, जिनमें कई युवा थे, ‘आई लव मोहम्मद’ के बैनर-पोस्टर लेकर इस्लामिया मैदान और मौलाना तौकीर रजा के निवास के पास इकट्ठा हो गए। स्थिति तब बिगड़ गई जब भीड़ ने पुलिस पर पत्थरबाजी शुरू कर दी। रिपोर्टों के अनुसार, कुछ जगहों पर गोली चलने की भी पुष्टि हुई है, जिसमें कई पुलिसकर्मी घायल हुए हैं। उपद्रवियों ने वाहनों में तोड़फोड़ और सड़कों पर हंगामा भी किया।
CM योगी की खुली चुनौती
विकसित “उत्तर प्रदेश विज़न ऐट 2047” कार्यक्रम में बोलते हुए सीएम योगी ने घटना का जिक्र करते हुए कहा, “कल बरेली में एक मौलाना भूल गया कि राज्य में सत्ता किसकी है।” उन्होंने कहा कि मौलाना ने धमकी दी थी और जबरदस्ती जाम लगाने की बात कही थी, लेकिन उनकी सरकार ने साफ कर दिया कि “जाम भी नहीं होगा और कर्फ्यू भी नहीं लगेगा।”
मुख्यमंत्री ने स्पष्ट शब्दों में कहा, “लेकिन कर्फ्यू का सबक तुम्हें ऐसा सिखा देंगे कि तुम्हारी आने वाली पीढ़ी दंगा करना भूल जाएगी।”
सीएम योगी ने जोर देकर कहा कि उनकी सरकार 2017 के बाद से दंगाइयों को उनकी ही भाषा में समझाकर और चुन-चुनकर सजा दिलाकर कानून-व्यवस्था कायम कर रही है। उन्होंने कहा कि जो लोग जाति और परिवार के नाम पर भड़काते हैं, उनके लिए ही उनकी सरकार ने बुलडोजर बनाया है।
बरेली में हुई हिंसा के बाद अब पुलिस सुत्रों ने कहा है कि इसकी प्लानिंग पांच दिनों से की जा रही थी। वहीं अब पुलिस इन आरोपियों की पहचान और तलाश में जुट गई है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों के खिलाफ एनएसए लगाने की तैयारी भी की जा रही है।
