Baljinder Kaur: एलन मस्क की इलेक्ट्रिक वाहन कंपनी टेस्ला भारत में अपनी उपस्थिति को और मजबूत करने जा रही है। 26 नवंबर, 2025 को गुरुग्राम के ऑर्किड बिज़नेस पार्क में कंपनी का पहला Tesla Centre खुलने वाला है। यह भारत में टेस्ला की रणनीतिक विस्तार योजना का अहम हिस्सा होगा, जिससे कंपनी अपने सेवाओं को बेहतर तरीके से ग्राहकों तक पहुंचा सकेगी।
क्यों खास है यह सेंटर?
यह सेंटर सोहना रोड, गुरुग्राम में स्थित है, जो दिल्ली‑एनसीआर का एक बड़ा ऑटोमोबाइल हब है और इसे टेस्ला के लिए रणनीतिक रूप से चुना गया है। इसमें ना सिर्फ एक शोरूम बल्कि एक इंटीग्रेटेड सुविधा केंद्र होगा — जहां डिलीवरी, ग्राहक सेवा, सर्विस और ऑफिस स्पेस सब एक ही परिसर में होंगे।
यह सेंटर टेस्ला की ‘फुल‑फ्लेज्ड’ मौजूदगी को दर्शाता है।
टेस्ला की भारतीय रणनीति और चुनौतियाँ
भारत में टेस्ला पहले ही मॉडल Y के दो वेरिएंट्स लॉन्च कर चुकी है, जिनकी कीमतें लगभग ₹59.89 लाख और ₹67.89 लाख है। हालांकि, इसी पर लगभग 70% इम्पोर्ट ड्यूटी लगने के कारण ये मॉडल अन्य बाजारों की तुलना में महंगे हैं।
इस कदम के पीछे टेस्ला का मकसद सिर्फ कार बेचना नहीं है बल्कि भारत में लंबे समय के लिए अपनी मौजूदगी बनाना है जैसे सर्विस सेंटर, चार्जिंग स्टेशन और शोरूम तैयार करना। लेकिन भारत में टेस्ला के लिए बाज़ार आसान नहीं होगा, क्योंकि मर्सिडीज-बेंज और बीएमडब्ल्यू जैसी बड़ी कंपनियाँ पहले से ही इलेक्ट्रिक लग्ज़री कारों में काफी मजबूत हैं।
भविष्य की संभावनाएँ
यह गुरुग्राम सेंटर टेस्ला के लिए मॉडल Y की डिलीवरी और ग्राहक संपर्क का एक अहम केंद्र बनेगा। इससे टेस्ला की ब्रांड पहचान बढने के साथ साथ इलेक्ट्रिक मोबिलिटी के प्रति भारतीय ग्राहकों का विश्वास भी मजबूत होगा। अगर टेस्ला भारत में खुद का उत्पादन शुरू करती है, तो यह केंद्र उसकी रणनीति का पहला कदम माना जा सकेगा। इसके अलावा, हरियाणा सरकार ने भी टेस्ला को राज्य में मैन्युफैक्चरिंग प्लांट लगाने का न्योता दिया है, जिससे भविष्य में स्थानीय उत्पादन की राह खुल सकती है।
26 नवंबर की यह लॉन्चिंग टेस्ला के लिए सिर्फ एक नया आउटलेट खोलने का आयोजन नहीं है, बल्कि भारत में उसकी महत्वाकांक्षा का भी प्रतीक है।
इलेक्ट्रिक वाहनों के इस दौर में यह कदम न सिर्फ टेस्ला के लिए, बल्कि पूरे देश में इलेक्ट्रिक गाड़ियों के बढ़ने के लिए एक महत्वपूर्ण पड़ाव साबित हो सकता है।
