Baljinder Kaur: भारतीय बैडमिंटन खिलाड़ी साइना नेहवाल की जिंदगी पर बनी फिल्म ‘साइना’ साल 2021 में रिलीज हुई थी। फिल्म में परिणीति चोपड़ा ने उनका किरदार निभाया था। हालांकि हाल ही में साइना ने कहा है कि अगर उनकी बायोपिक दोबारा बनती है तो वह श्रद्धा कपूर को अपने रोल में देखना पसंद करेंगी। उन्होंने श्रद्धा को “बहुत प्यारी लड़की” बताते हुए अपनी पसंद साफ की।
श्रद्धा कपूर ही हैं पहली पसंद
हाल ही में एक बातचीत के दौरान साइना नेहवाल से पूछा गया कि अगर उनकी बायोपिक का रीमेक बनता है तो वह किस अभिनेत्री को अपने किरदार में देखना चाहेंगी। इस पर उन्होंने तुरंत श्रद्धा कपूर का नाम लिया। साइना ने कहा कि शुरुआत में इस फिल्म के लिए श्रद्धा को ही चुना गया था और आज भी वह उनकी पहली पसंद हैं। साइना के मुताबिक, श्रद्धा इस रोल को लेकर काफी उत्साहित थीं और उन्होंने फिल्म के लिए तैयारी भी शुरू कर दी थी। लेकिन शूटिंग शुरू होने से पहले उन्हें डेंगू हो गया, जिसके कारण उन्हें प्रोजेक्ट से हटना पड़ा।
डेंगू के कारण छोड़नी पड़ी थी फिल्म
रिपोर्ट्स के अनुसार, श्रद्धा कपूर ने फिल्म के लिए बैडमिंटन की ट्रेनिंग भी ली थी। हालांकि तबीयत खराब होने के कारण उन्हें यह फिल्म छोड़नी पड़ी। इसके बाद परिणीति चोपड़ा को इस भूमिका के लिए साइन किया गया। साइना ने कहा, “हम आज भी टच में हैं। मैं उनसे कई बार मिल चुकी हूं। वह बहुत प्यारी लड़की हैं। उन्होंने फिल्म के लिए हामी भी भर दी थी, लेकिन डेंगू की वजह से उन्हें बाहर होना पड़ा।”
परिणीति के साथ प्रोफेशनल रिश्ता
सोशल मीडिया पर हाल ही में चर्चा थी कि परिणीति चोपड़ा ने साइना को इंस्टाग्राम पर अनफॉलो कर दिया है। इस बारे में पूछे जाने पर साइना ने कहा कि उनके और परिणीति के बीच रिश्ता ज्यादातर प्रोफेशनल रहा।
उन्होंने बताया, “दोस्ती के लिए साथ में ज्यादा समय बिताना पड़ता है, लेकिन फिल्म को जल्दी रिलीज करना था, इसलिए ज्यादा वक्त नहीं मिल पाया। हम रोज नहीं मिलते थे।”
हालांकि साइना ने परिणीति की मेहनत की तारीफ भी की। उन्होंने कहा कि परिणीति ने अपने किरदार को सही तरीके से निभाने के लिए बैडमिंटन की बारीकियां सीखीं और खूब अभ्यास किया।
बॉक्स ऑफिस पर नहीं चला जादू
फिल्म ‘साइना’ को लेकर दर्शकों में काफी उम्मीदें थीं.लेकिन बॉक्स ऑफिस पर यह फिल्म खास कमाल नहीं दिखा पाई। इसके बावजूद साइना की कहानी आज भी लोगों को प्रेरित करती है।
फिलहाल बायोपिक के रीमेक को लेकर कोई आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है। लेकिन साइना का बयान साफ बताता है कि अगर उनकी जिंदगी पर फिर से फिल्म बनती है, तो वह श्रद्धा कपूर को ही बड़े पर्दे पर अपना किरदार निभाते देखना चाहेंगी।
