Suvangi Pradhan: बॉलीवुड की सबसे आइकॉनिक फिल्मों में से एक दिलवाले दुल्हनिया ले जाएंगे आज 30 साल पूरे कर रही है। 1995 में रिलीज़ हुई इस फिल्म ने न सिर्फ भारतीय सिनेमा के रोमांस को नई परिभाषा दी, बल्कि राज और सिमरन को दर्शकों के दिलों में हमेशा के लिए बसाया। इस खास मौके पर फिल्म के लीड स्टार शाहरुख खान और काजोल ने लंदन में अपने नए स्टैच्यू का अनावरण किया, जिसने इस जश्न को और यादगार बना दिया।
DDLJ सिर्फ एक फिल्म नहीं, हमारे जीवन का एक सुंदर अध्याय-काजोल
लंदन में स्थापित यह स्टैच्यू फिल्म के उस मशहूर सीन को दर्शाता है, जिसमें राज और सिमरन अपनी सिग्नेचर पोज़ में दिखाई देते हैं हंसी, नटखट अंदाज़ और रोमांस से भरा एक अनोखा पल, जो आज भी लोगों को उतना ही प्रिय है। स्टैच्यू के अनावरण के दौरान शाहरुख और काजोल दोनों ने फिल्म की यादों को साझा किया और फैंस के अपार प्यार के लिए शुक्रिया अदा किया। वहीं शाहरुख खान ने भावुक होकर बताया कि यह फिल्म उनके करियर और निजी जीवन का एक अभिन्न हिस्सा रही है।
इवेंट में भारी संख्या में मौजूद भारतीय और विदेशी फैंस ने इस जश्न को और खास बना दिया
कई लोगों ने फिल्म के गाने गुनगुनाए और आइकॉनिक डायलॉग दोहराकर माहौल को यादों से भर दिया। यशराज फिल्म्स द्वारा निर्मित और आदित्य चोपड़ा द्वारा निर्देशित DDLJ भारतीय फिल्म इतिहास की सबसे लंबी चलने वाली फिल्म रही है। 30 साल बाद भी इसकी लोकप्रियता कम नहीं हुई है, बल्कि हर नए जेनरेशन के दिल में अपनी जगह बना रही है। फिल्म के 30 साल पूरे होने पर यह स्टैच्यू सिर्फ एक कलात्मक स्थापना नहीं, बल्कि सिनेमा प्रेमियों के लिए एक भावनात्मक स्मृति है, जिसे दुनिया भर के फैंस हमेशा संजोकर रखेंगे।
