Suvangi Pradhan: रिएलिटी टीवी के सबसे बड़े और चर्चित शो बिग बॉस 19 का ग्रैंड फिनाले बड़े धूमधाम से आयोजित किया गया, जहां अभिनेता गौरव खन्ना ने ट्रॉफी अपने नाम कर ली। रोमांच और उतार–चढ़ाव से भरे इस सफर में गौरव ने न सिर्फ दर्शकों का दिल जीता बल्कि अपने शांत, संतुलित और रणनीतिक गेमप्ले से सभी कंटेस्टेंट्स को पीछे छोड़ते हुए खिताब पर कब्ज़ा किया।
मंच पर विजेता का नाम घोषित होते ही गौरव की खुशी देखते ही बन रही थी
फिनाले में गौरव को 50 लाख रुपये का कैश प्राइज और एक लग्ज़री कार भी पुरस्कार स्वरूप मिली। उन्होंने ट्रॉफी थामते हुए भावुक होकर परिवार, फैन्स और सह-प्रतियोगियों का धन्यवाद किया। गौरव ने कहा कि यह सफर उनके लिए जीवन का सबसे बड़ा अनुभव रहा और उन्हें उम्मीद नहीं थी कि वे जीतकर निकलेंगे, लेकिन दर्शकों के समर्थन ने यह संभव कर दिखाया।
फिनाले रात में होस्ट सलमान खान ने दिवंगत दिग्गज अभिनेता धर्मेंद्र को याद किया
धर्मेंद्र के साथ अपनी पुरानी यादों का जिक्र करते हुए सलमान की आवाज भर्रा गई। उन्होंने कहा कि धर्मेंद्र न सिर्फ हिंदी सिनेमा की शान थे बल्कि उनके लिए पिता समान थे। धर्मेंद्र की सीख और प्यार को सलमान ने जीवन भर की पूंजी बताया। सलमान की इस भावुक श्रद्धांजलि पर दर्शकों और मौजूद सितारों ने तालियों से उनका साथ दिया।
शो के फिनाले में ग्लैमरस प्रस्तुतियों, स्पेशल परफॉर्मेंस और हाई-वोल्टेज मनोरंजन का तड़का लगा रहा
बिग बॉस 19 ने इस बार भी दर्शकों के बीच खूब सुर्खियाँ बटोरीं, घर के अंदर बने रिश्तों, झगड़ों और इमोशनल पलों ने शो को लगातार ट्रेंड में बनाए रखा। गौरव खन्ना की जीत इस सीज़न की शानदार समाप्ति साबित हुई है, और फैन्स इसे उनकी मेहनत और सादगी की जीत बता रहे हैं।
