शिवानी यादव । चियांग माई (थाईलैंड) – भारतीय महिला फुटबॉल टीम ने इतिहास रचते हुए पहली बार योग्यता के आधार पर ऐऐफसी महिला एशिया कप 2026 के लिए क्वालीफाई किया है। शुक्रवार को खेले गए अहम मुकाबले में भारत ने थाईलैंड को 2-1 से हराकर ग्रुप बी में शीर्ष स्थान हासिल किया।

दो गोल से चमकी संगीता

भारतीय टीम की मिडफील्डर संगीता बसफोर ने शानदार प्रदर्शन करते हुए दो गोल दागे। पहला गोल उन्होंने 29वें मिनट में किया, जिससे भारत को शुरुआती बढ़त मिली। हालांकि, दूसरे हाफ की शुरुआत में थाईलैंड की चाचावन रॉडथॉन्ग ने 47वें मिनट में गोल कर स्कोर 1-1 कर दिया। मैच में रोमांच उस समय चरम पर पहुंचा जब संगीता ने 74वें मिनट में एक और गोल कर भारत को 2-1 की निर्णायक बढ़त दिलाई। इस जीत के साथ भारत ने ग्रुप बी में पहले स्थान पर रहते हुए एशियन कप के लिए क्वालीफाई कर लिया।

पहली बार मेरिट के आधार पर क्वालीफिकेशन

इससे पहले भारत ने साल 2003 में एशियन कप खेला था, लेकिन तब क्वालीफाइंग राउंड नहीं हुआ करता था। वहीं, 2022 में भारत मेज़बान जरूर था, लेकिन कोविड-19 संक्रमण के कारण टूर्नामेंट से हटना पड़ा था।
इस बार भारत ने ग्रुप बी में खेले गए सभी चार मैचों में जीत दर्ज की — मकाऊ (13-0), किर्गिज़ गणराज्य (4-0), पाकिस्तान (5-0), और अब थाईलैंड (2-1)। थाईलैंड फीफा रैंकिंग में भारत से 24 स्थान ऊपर है, लेकिन भारतीय खिलाड़ियों ने दमदार प्रदर्शन कर इस अंतर को फीका कर दिया।

एएफसी महिला एशिया कप: एक नजर

यह एशिया की सबसे प्रतिष्ठित महिला फुटबॉल प्रतियोगिता है, जिसकी शुरुआत 1975 में हुई थी।
पिछली चैंपियनशिप 2022 में चीन ने जीती थी।
2026 का टूर्नामेंट ऑस्ट्रेलिया में आयोजित होगा, जिसमें कुल 12 टीमें हिस्सा लेंगी। भारत के अलावा ऑस्ट्रेलिया (मेजबान), जापान, चीन, कोरिया गणराज्य, उत्तर कोरिया, फिलीपींस, वियतनाम, बांग्लादेश, उज्बेकिस्तान और ताइवान जैसी टीमें भी इसमें खेलेंगी।

भविष्य की उम्मीदें

भारत की इस जीत के बाद अब निगाहें 2027 में होने वाले फीफा महिला विश्व कप पर हैं। टीम की यह जीत भविष्य के लिए एक मजबूत संकेत है कि अगर समर्थन और तैयारी इसी तरह जारी रही, तो भारत वैश्विक मंच पर भी अपनी जगह बना सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *