गीता राय। हैदराबाद: तेलंगाना के संगारेड्डी में एक फार्मा कंपनी में बड़ा धमाका हो गया। फार्मा कंपनी में लगी आग इतनी भयानक थी कि कई लोग इसकी चपेट में आ गए। इस हादसे में 8 लोगों की मौत की खबर है और 26 लोग से ज्यादा लोगों के घायल होने की जानकारी है।
तेलंगाना फायर अधिकारियों के अनुसार, यह धमाका मेडक के पसामैलाराम फेज 1 में स्थित सिगाची फार्मा कंपनी में हुआ। इस कैमिकल कंपनी में अचानक रिएक्टर ब्लास्ट हो गया। घटना की जानकारी मिलते ही फायर विभाग की गाड़ियां मौके पर पहुंची। आग पर काबू पाने की कोशिश की जा रही है। 8 लोगों की मौत की आशंका पुलिस ने फौरन एंबुलेंस बुलाईं और घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया।
रिपोर्ट्स के अनुसार, इस हादसे के दौरान फैक्ट्री में मौजूद 6 लोगों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। वहीं, अब यह संख्या बढ़कर 8 हो गई है।
स्थानीय लोगों का क्या कहना है?
हादसे के समय कई कर्मचारी रिएक्टर के पास काम कर रहे थे। वहीं, धमाके के बाद आग पूरी फैक्ट्री में फैल गई, जिससे कई लोग अंदर ही फंस गए। इस फैक्ट्री में उत्तर प्रदेश और ओडिशा समेत कई राज्यों के कर्मचारी मौजूद थे। आग लगने के बाद ज्यादातर कर्मचारी बाहर निकलने में कामयाब रहे। हालांकि, इस दौरान कई लोग आग की लपटों में बुरी तरह झुलस गए हैं।फैक्ट्री प्रबंधन ने बताया कि घटना के समय करीब 30 कर्मचारी ड्यूटी पर थे। इस घटना में पांच श्रमिकों की मौके पर ही मौत हो गई और एक अन्य ने अस्पताल में दम तोड़ा। विस्फोट से फैक्ट्री के निर्माण और प्रशासनिक भवनों को भी भारी नुकसान पहुंचा है।
घायलों को इलाज के लिए तुरंत नजदीकी अस्पताल ले जाया गया। अधिकारियों ने आशंका जताई है कि घायलों की हालत को देखते हुए मरने वालों की संख्या और बढ़ सकती है। विस्फोट के बाद फैले रासायनिक धुएं को देखते हुए पुलिस ने एहतियात के तौर पर आसपास के इलाकों को खाली करा दिया। संगारेड्डी कलेक्टर प्रवीण्या और पुलिस अधीक्षक परितोष घटनास्थल पर राहत एवं बचाव कार्यों की व्यक्तिगत रूप से निगरानी कर रहे हैं।
तेलंगाना के मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी ने क्या कहा?
तेलंगाना के मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी ने इस त्रासदी पर गहरा दुख व्यक्त किया और अधिकारियों को सभी आवश्यक कदम उठाने का निर्देश दिया। उन्होंने घायलों को बेहतर चिकित्सा सुविधा देने लिए अधिकारियों को निर्देश दिया है। उन्होंने X पर पोस्ट में कहा कि एसबी ऑर्गेनिक्स के रिएक्टर में विस्फोट की घटना में कई लोगों की मौत चौंकाने वाली है।मैंने घायलों को बेहतर इलाज के लिए निर्देश दिए हैं। पीड़ित परिवारों को मेरी संवेदनाएं हैं।

