रोहित रजक, इंदौर: शिलॉन्ग में हुए राजा रघुवंशी हत्याकांड में बड़ा खुलासा हुआ है। इस मामले में गिरफ्तार सोनम और राज कुशवाहा ने शिलॉन्ग पुलिस के सामने पहली बार अपने रिलेशनशिप की बात स्वीकार की है।
साथ ही दोनों ने पूछताछ में यह भी माना है कि उन्होंने ही राजा रघुवंशी की हत्या की थी। शिलॉन्ग के एसपी विवेक स्येम ने बताया कि आरोपी कपल ने अपराध स्वीकार कर लिया है और हत्या के पीछे व्यक्तिगत कारण बताए हैं।
पुलिस को मिली बड़ी सफलता
पुलिस को इस मामले में बड़ी सफलता तब मिली जब सोनम के बैग में रखी गई पिस्टल नाले से बरामद कर ली गई। यह वही हथियार है जिससे हत्या की गई थी। हथियार मिलने से पुलिस की जांच को मजबूती मिली है और मामले की कड़ियाँ जुड़ती जा रही हैं। इसके अलावा, सबूत मिटाने की कोशिश करने वाले तीन अन्य लोगों को भी गिरफ्तार किया गया है। इनमें लोकेंद्र सिंह तोमर, शिलोम जेम्स और बलवीर अहिरवार के नाम शामिल हैं। इन पर आरोप है कि इन्होंने हत्या के बाद सबूत छुपाने में मदद की थी।पुलिस का कहना है कि अभी और भी खुलासे हो सकते हैं। फिलहाल सभी आरोपियों से गहन पूछताछ की जा रही है और तकनीकी जांच के माध्यम से पूरे मामले को स्पष्ट किया जा रहा है।
इस हत्याकांड ने स्थानीय लोगों में सनसनी फैला दी है। लोग इस बात को लेकर हैरान हैं कि प्यार में पड़े दो लोग इस हद तक जा सकते हैं कि एक इंसान की जान ले लें। पुलिस जांच के आधार पर जल्द ही चार्जशीट दायर की जाएगी।
