Oplus_131072

रोहित रजक/ भोपाल। राजधानी के बैरागढ़ क्षेत्र में स्थित सेवन गेट कॉलोनी में एक शराब दुकान को बंद करवाने की मांग को लेकर रहवासी लगातार प्रदर्शन कर रहे हैं। इस दुकान को हटाने की मांग 184 दिनों से की जा रही है, लेकिन अब भी दुकान से गुपचुप तरीके से शराब बेची जा रही है।

वीडियो वायरल, फिर भी कार्रवाई नहीं

हाल ही में एक वीडियो सामने आया है जिसमें दुकान के शटर के नीचे से एक युवक शराब की बोतल निकालता दिख रहा है। यह वीडियो सोमवार शाम करीब 7 बजे का बताया गया है। रहवासियों ने यह वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर डाला, जिससे मामला और गरम हो गया। लेकिन प्रशासन की ओर से अभी तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया।

184 दिनों से चल रहा विरोध

स्थानीय लोगों ने बताया कि शराब दुकान को हटाने के लिए वे पिछले छह महीने से ज्यादा समय से लगातार आवाज उठा रहे हैं। उन्होंने प्रशासन से कई बार शिकायत की, लेकिन अब तक कोई सुनवाई नहीं हुई। प्रदर्शनकारी महिलाओं और बुजुर्गों का कहना है कि यह दुकान उनके घरों के पास होने से असुरक्षा का माहौल बन गया है। रहवासियों ने बताया कि वे अब तक कुल 21 बार ज्ञापन सौंप चुके हैं, लेकिन हर बार सिर्फ आश्वासन ही मिला। अब वे सीएम और राज्यपाल तक अपनी बात पहुंचाने की तैयारी कर रहे हैं।

शराब दुकान हटाने की मांग

रहवासी संघ के अध्यक्ष जीवन चौहान ने बताया कि जिस दुकान के खिलाफ वे आंदोलन कर रहे हैं, वह बंद तो है, लेकिन फिर भी गुपचुप तरीके से शराब की बिक्री हो रही है। उन्होंने पुलिस और आबकारी विभाग से मांग की है कि दुकान को पूरी तरह सील किया जाए और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई हो।

पुलिस और प्रशासन की चुप्पी

प्रशासन और आबकारी विभाग की निष्क्रियता पर भी सवाल उठाए जा रहे हैं। लोगों का कहना है कि बार-बार शिकायत और प्रदर्शन के बावजूद न तो दुकान को बंद किया गया और न ही शराब बेचने वालों पर कोई कार्रवाई हुई। इससे यह साफ जाहिर होता है कि कहीं न कहीं मिलीभगत हो रही है।

जांच के आदेश

इस बीच, सहायक आयुक्त आबकारी वीरेंद्र सिंह चौहान ने कहा कि वीडियो की जांच कराई जा रही है। यदि दोषी पाए गए तो उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। रहवासियों की लगातार कोशिशों के बावजूद शराब दुकान अब भी चालू है, भले ही वह शटर के नीचे से हो। प्रशासन की लापरवाही और पुलिस की चुप्पी इस मामले को और गंभीर बना रही है। लोगों को अब उम्मीद है कि वायरल वीडियो के बाद कुछ ठोस कार्रवाई होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *