शिवानी यादवदेहरादून: राज्यसभा सांसद महेन्द्र भट्ट को एक बार फिर उत्तराखंड भाजपा का प्रदेश अध्यक्ष चुना गया है। मंगलवार को भाजपा कार्यालय देहरादून में हुई बैठक में उन्हें सर्वसम्मति से दोबारा अध्यक्ष चुना गया। भट्ट अब लगातार दूसरी बार प्रदेश संगठन की कमान संभालेंगे।
भट्ट के पुनर्निर्वाचन की घोषणा पार्टी के केंद्रीय पर्यवेक्षक और केंद्रीय मंत्री हर्ष मल्होत्रा ने की। इस अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, भाजपा के प्रदेश प्रभारी दुष्यंत गौतम, संगठन महामंत्री अजेय कुमार और अन्य वरिष्ठ नेता उपस्थित रहे।
नामांकन प्रक्रिया के दौरान महेन्द्र भट्ट एकमात्र उम्मीदवार थे, इसलिए उन्हें निर्विरोध अध्यक्ष चुना गया। इस अवसर पर भट्ट ने कहा,

“मैं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृहमंत्री अमित शाह और राष्ट्रीय अध्यक्ष जे.पी. नड्डा का आभार प्रकट करता हूं। पार्टी ने जो विश्वास मुझ पर जताया है, उस पर पूरी निष्ठा से खरा उतरने का प्रयास करूंगा।”


भट्ट ने पहली बार जुलाई 2022 में प्रदेश अध्यक्ष पद की जिम्मेदारी संभाली थी। उनके पिछले कार्यकाल में भाजपा ने प्रदेश में बूथ सशक्तिकरण, युवा जोड़ो अभियान और संगठन विस्तार पर खास फोकस किया था।
पार्टी सूत्रों का कहना है कि महेन्द्र भट्ट के नेतृत्व में भाजपा 2027 के विधानसभा चुनाव और 2029 के लोकसभा चुनाव को ध्यान में रखते हुए रणनीति बनाएगी।
राजनीतिक विश्लेषकों के अनुसार, भट्ट का दोबारा अध्यक्ष चुना जाना यह दर्शाता है कि भाजपा नेतृत्व उन पर पूरी तरह से भरोसा कर रहा है और आगामी चुनावों में पार्टी संगठन को और मजबूत बनाने की दिशा में यह एक बड़ा कदम माना जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *