गीता राय: मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की अध्यक्षता में बुधवार को मंत्रालय में हुई कैबिनेट बैठक में प्रदेशवासियों के हित में कई बड़े फैसले लिए गए। इस बैठक की जानकारी डिप्टी सीएम राजेन्द्र शुक्ल ने मीडिया को दी।

डिप्टी सीएम ने बताया कि मुख्यमंत्री 13 से 19 जुलाई तक विदेश दौरे पर रहेंगे। वे दुबई और स्पेन में निवेशकों से मिलकर राज्य में निवेश के अवसर बढ़ाने की दिशा में काम करेंगे। लुधियाना से 15 हजार करोड़ का निवेश प्राप्त हुआ है, जिससे 20 हजार से अधिक रोजगार सृजित होंगे।

प्रदेश के 35 लाख किसानों के लिए सरकार ने बड़ा फैसला लिया है। कृषि सिंचाई जलकर पर 84.17 करोड़ की ब्याज और पेनल्टी माफ की गई है। किसानों को केवल मूलधन देना होगा। यह योजना मार्च 2026 तक लागू रहेगी।

बिजली विभाग समेत विभिन्न क्षेत्रों में 49,263 नवीन पदों की स्वीकृति दी गई है। इससे विद्युत वितरण कंपनियों में मैनपावर की कमी दूर होगी और आउटसोर्स कर्मचारियों की निर्भरता घटेगी।

लाडली बहना योजना के तहत रक्षाबंधन के अवसर पर 12 जुलाई को 1 करोड़ 27 लाख महिलाओं को 250 रुपये की राशि अंतरित की जाएगी।

गुरु पूर्णिमा पर दो दिवसीय राज्य स्तरीय कार्यक्रम आयोजित होंगे। निषादराज जयंती पर विशेष घोषणाओं की भी तैयारी है।

राज्य को CAMPA फंड के तहत केंद्र से 1478.38 करोड़ रुपये मिले हैं, जिससे वन क्षेत्रों में पौधारोपण, नदी पुनर्जीवन और ग्रामीण विकास जैसे कार्य किए जाएंगे।

66 से अधिक नए आंगनवाड़ी केंद्रों में पदों की स्वीकृति दी गई है, जिन पर 19.1 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे।

शहरी विकास के तहत बीआरटीएस कॉरिडोर हटाने के बाद दुर्घटनाओं में 51% और मौतों में 17% की कमी दर्ज की गई है।

होटल लेक व्यू रेसिडेंसी को PPP मॉडल के तहत संचालित करने और लीज रजिस्ट्रेशन पर स्टांप ड्यूटी रीइंबर्समेंट का निर्णय लिया गया है।

मूंग और उड़द की खरीदी के लिए भारत सरकार को पत्र लिखा जाएगा। अभी 3.51 लाख मीट्रिक टन की अनुमति मिली है, लेकिन सरकार 8 लाख मीट्रिक टन खरीदी की अनुमति चाहती है।

इसके अतिरिक्त, 212 करोड़ रुपये का अतिरिक्त राजस्व प्राप्त करने के लिए भारतीय स्टाम्प अधिनियम में संशोधन को मंजूरी दी गई है। मुख्यमंत्री ने सभी विधायकों को विजन डॉक्युमेंट तैयार करने का निर्देश दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *