Baljinder Kaur: दिल्ली में आज से 100 नई अटल कैंटीन शुरू हो रही है। इस खास योजना का उद्देश्य है कि कोई भी व्यक्ति भूखा न सोए। इन कैंटीनों में सिर्फ 5 रुपये में पोषक और भरपेट भोजन उपलब्ध होगा। यह योजना पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की जयंती के मौके पर शुरू की गई है।
अटल कैंटीन क्या है?
अटल कैंटीन एक सरकारी पहल है जो गरीब, मजदूर और दैनिक वेतन भोगी लोगों के लिए सस्ता और पौष्टिक खाना उपलब्ध कराती है। इन कैंटीनों में मुख्य रूप से दाल, चावल, रोटी, सब्ज़ी और अचार परोसा जाएगा। योजना का मकसद है कि कम खर्च में लोगों को संतुलित और हेल्दी भोजन मिल सके।
शुरूआत और उद्घाटन
दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने अटल कैंटीन की शुरुआत की। उद्घाटन कार्यक्रम में कई वरिष्ठ अधिकारी और मंत्री भी शामिल हुए। खास बात यह है कि मुख्यमंत्री ने ट्रैफिक के कारण दिल्ली मेट्रो का उपयोग करके उद्घाटन स्थल तक पहुँची।
दिल्ली में 100 अटल कैंटीनों का निर्माण, 45 का आज उद्घाटन
दिल्ली में 100 स्थानों पर अटल कैंटीन स्थापित की गई है। आज 45 अटल कैंटीन का उद्घाटन किया गया। बाकी 55 कैंटीनों का निर्माण जारी है और उनका उद्घाटन अगले 10–15 दिनों में किया जाएगा। अटल जी के जन्मदिन पर इस अटल कैंटीन को जानता के लिए समर्पित किया गया। इन कैंटीनों में भोजन दिन में दो बार परोसा जाएगा जिससे अधिकतम लोगों को इसका लाभ मिल सके।
भोजन और कीमत
अटल कैंटीन का सबसे बड़ा आकर्षण है सिर्फ 5 रुपये में भरपेट भोजन। इस भोजन में स्वाद और पोषण का ध्यान रखा गया है। गरीब और जरूरतमंद लोग आसानी से इसे खरीद सकते हैं।
योजना के तहत हर दिन हजारों लोगों को पौष्टिक भोजन मिलेगा।
उद्देश्य और लाभ
इस योजना का मुख्य उद्देश्य है कि कोई भी दिल्ली में भूखा न रहे। इससे न सिर्फ भूख मिटेगी बल्कि कम खर्च में स्वस्थ भोजन उपलब्ध होने से लोग मजबूती से काम कर पाएंगे।
अटल कैंटीन सिर्फ एक भोजन योजना नहीं है। यह सामाजिक कल्याण और मानव गरिमा की दिशा में एक बड़ा कदम है। दिल्ली सरकार की इस पहल से न केवल गरीबों को राहत मिलेगी, बल्कि पूरे शहर में लोगों में समानता और सहानुभूति की भावना भी बढ़ेगी। आज से दिल्ली में भूख मिटाने का सफर शुरू हो गया है और यह योजना हर जरूरतमंद के लिए नई उम्मीद लेकर आई है।
