Muskan Garg: सांसद खेल महोत्सव, जो देश भर में खेल और युवा ऊर्जा का उत्सव बन गया है, आज भव्य समापन और पुरस्कार वितरण समारोह के साथ समाप्त हो रहा है। “खेलो भारत, आगे बढ़ो भारत” की भावना को बढ़ावा देने के अलावा, इस आयोजन ने खेल प्रतिभाओं को मंच भी प्रदान किया। प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी इस ऐतिहासिक अवसर पर खिलाड़ियों और आयोजकों से वर्चुअल रूप से सीधे बातचीत करेंगे।

तीन महीनों तक चला खेलों का महासंग्राम:
भोपाल लोकसभा क्षेत्र में युवा शक्ति का यह महोत्सव 24 सितंबर 2025 को मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, प्रदेशाध्यक्ष हेमन्त खंडेलवाल और अन्य जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति में शुरू हुआ था। बीते तीन महीनों में सांसद खेल महोत्सव के अंतर्गत ग्राम स्तर, ब्लॉक स्तर और लोकसभा स्तर पर खेल प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। इन प्रतियोगिताओं में हजारों खिलाड़ियों ने भाग लेकर अपनी खेल प्रतिभा, अनुशासन और जज़्बे का शानदार प्रदर्शन किया। क्रिकेट, कबड्डी, एथलेटिक्स, हॉकी, बैडमिंटन सहित कई खेलों में युवाओं ने जीत और उपविजेता के खिताब अपने नाम किए।

अटल जी की जन्मशताब्दी पर ऐतिहासिक आयोजन:
प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी की मंशानुसार, गुरुवार 25 दिसंबर 2025 को पूरे देश में सांसद खेल महोत्सव का समापन पूर्व प्रधानमंत्री और भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी के जन्म शताब्दी वर्ष पर होगा। टू-वे कैमरा और संचार प्रणाली के माध्यम से कार्यक्रम पूरे देश में जुड़ा होगा, जिससे खिलाड़ियों और आयोजकों को प्रधानमंत्री से सीधा संवाद करने का अवसर मिलेगा।

भोपाल में मेजर ध्यानचंद स्टेडियम बनेगा केंद्र:
भोपाल लोकसभा क्षेत्र का समापन और पुरस्कार वितरण ऐतिहासिक मेजर ध्यानचंद हॉकी स्टेडियम में होगा। हजारों खिलाड़ी, खेल प्रेमी, प्रशिक्षक और आम लोग इस समारोह में उपस्थित होंगे। विजेता खिलाड़ियों का सम्मान किया जाएगा और उनके सुखद भविष्य की कामना की जाएगी।

खेलों से आत्मनिर्भर भारत की ओर:
सांसद खेल महोत्सव ने दिखाया है कि भारत की युवा पीढ़ी बहुत कुछ ऊंचाई हासिल कर सकती है। ऐसे कार्यक्रम न केवल खेल संस्कृति को बढ़ाते हैं, बल्कि भारत को स्वस्थ, आत्मनिर्भर और अनुशासित बनाते हैं। खिलाड़ियों के लिए आज का समापन समारोह प्रेरणादायक और यादगार होने वाला है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *