Suvangi Pradhan: फिल्मी सितारों की लोकप्रियता जितनी चमकदार होती है, उतनी ही खतरनाक भी साबित हो सकती है। हाल ही में साउथ और बॉलीवुड की मशहूर एक्ट्रेस सामंथा रुथ प्रभु के साथ एक सार्वजनिक कार्यक्रम के दौरान भीड़ में बदसलूकी का मामला सामने आया, जिसने एक बार फिर सेलिब्रिटीज की सुरक्षा और महिला सम्मान पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
प्रशंसकों की धक्का-मुक्की के बीच सामंथा कई बार लड़खड़ाती नजर आईं
सामंथा एक इवेंट में शिरकत करने पहुंची थीं, जहां उन्हें देखने के लिए भारी संख्या में लोग जमा हो गए। जैसे ही वह भीड़ के बीच से गुजरने लगीं, हालात बेकाबू हो गए। स्थिति तब और शर्मनाक हो गई जब भीड़ में मौजूद कुछ असामाजिक तत्वों ने उनकी साड़ी खींचने की कोशिश की। सुरक्षा कर्मियों ने किसी तरह एक्ट्रेस को संभाला और सुरक्षित बाहर निकाला।
इस घटना के वीडियो और तस्वीरें सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही हैं
फैंस सामंथा की हिम्मत की तारीफ कर रहे हैं, वहीं प्रशासन और आयोजकों की लापरवाही पर नाराजगी जता रहे हैं। लोगों का कहना है कि इतने बड़े सितारे की सुरक्षा व्यवस्था अगर इस कदर कमजोर हो सकती है, तो आम महिलाओं की स्थिति का अंदाजा लगाया जा सकता है। यह पहला मामला नहीं है। इससे पहले भी तेलुगु और तमिल फिल्मों की अभिनेत्री निधि अग्रवाल को इसी तरह की शर्मनाक स्थिति का सामना करना पड़ा था। एक प्रमोशनल इवेंट के दौरान निधि अग्रवाल भी भीड़ में फंस गई थीं, जहां उन्हें लगातार धक्का दिया गया और उनके साथ अभद्र व्यवहार किया गया।
इन घटनाओं ने साफ कर दिया है कि सेलिब्रिटी कल्चर के नाम पर भीड़ का बेकाबू होना कितना खतरनाक हो सकता है
प्रशंसक अपने चहेते सितारों से मिलने के उत्साह में मर्यादाएं भूल जाते हैं, जिसका खामियाजा खासतौर पर महिला कलाकारों को भुगतना पड़ता है। जरूरत इस बात की है कि आयोजक सुरक्षा इंतजामों को और सख्त करें और भीड़ को नियंत्रित करने के लिए ठोस कदम उठाए जाएं। साथ ही समाज को यह समझना होगा कि प्रशंसा का मतलब किसी की निजी सीमाओं का उल्लंघन करना नहीं होता।
