शिवानी यादव । किश्तवाड़ (जम्मू–कश्मीर) : जम्मू-कश्मीर के किश्तवाड़ जिले के छत्रू क्षेत्र के कुचाल गांव में बुधवार सुबह सुरक्षाबलों और आतंकियों के बीच भीषण मुठभेड़ शुरू हुई। ‘ऑपरेशन छत्रु‘ नामक इस अभियान को आतंकियों की मौजूदगी की पक्की सूचना मिलने के बाद अंजाम दिया गया। मुठभेड़ अभी भी जारी है और इलाके को पूरी तरह से घेर लिया गया है।
सूचना मिलने पर शुरू हुआ सर्च ऑपरेशन
जम्मू-कश्मीर पुलिस, सेना और सीआरपीएफ की संयुक्त टीम को खुफिया जानकारी मिली थी कि छत्रू क्षेत्र के जंगलों में कुछ आतंकी छिपे हुए हैं। इसके बाद इलाके में सघन तलाशी अभियान चलाया गया। इसी दौरान आतंकियों ने सुरक्षाबलों पर फायरिंग शुरू कर दी, जिससे जवाबी कार्रवाई में मुठभेड़ शुरू हो गई।
इलाके की घेराबंदी, अतिरिक्त बल तैनात
सुरक्षाबलों ने आतंकियों को चारों तरफ से घेर लिया है। आसपास के इलाकों में सर्च ऑपरेशन तेज़ कर दिया गया है और किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर नजर रखी जा रही है। अतिरिक्त बलों को भी मौके पर रवाना कर दिया गया है ताकि कोई आतंकी भाग न सके।
मई में भी हुआ था बड़ा एनकाउंटर
गौरतलब है कि मई 2025 में इसी क्षेत्र के सिंहपोरा इलाके में भी आतंकियों के साथ मुठभेड़ हुई थी, जिसमें एक जवान शहीद हुआ था और तीन आतंकी मारे गए थे। इस घटना के बाद से ही किश्तवाड़ और आसपास के क्षेत्रों में सुरक्षा बलों की निगरानी बढ़ा दी गई थी।
स्थिति अभी नियंत्रण में, अंतिम पुष्टि का इंतजार
सेना के अधिकारियों के अनुसार, मुठभेड़ अभी जारी है और आतंकियों की संख्या तथा स्थिति को लेकर विस्तृत जानकारी ऑपरेशन के समापन के बाद दी जाएगी। फिलहाल किसी जवान के हताहत होने की खबर नहीं है।
जारी रहेगा ऑपरेशन जब तक अंतिम आतंकी नहीं पकड़ा जाता
सुरक्षा एजेंसियों का कहना है कि ऑपरेशन तब तक जारी रहेगा जब तक सभी आतंकियों को या तो गिरफ्तार नहीं किया जाता या उन्हें ढेर नहीं किया जाता। स्थानीय लोगों से अपील की गई है कि वे अफवाहों से दूर रहें और सुरक्षाबलों के सहयोग करें।
