Baljinder Kaur: दुनिया भर में अपनी शानदार फुटबॉल कला से करोड़ों दिलों पर राज करने वाले अर्जेंटीना के दिग्गज खिलाड़ी लियोनेल मेसी के दिल्ली पहुंचने की खबर से राजधानी में जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है। बताया जा रहा है कि मेसी अरुण जेटली इंटरनेशनल स्टेडियम में आयोजित एक प्रदर्शनी मैच में हिस्सा लेंगे। मेसी के दौरे को लेकर खेल प्रेमियों में खासा उत्साह है। वे न केवल अर्जेंटीना के विश्व कप विजेता कप्तान है बल्कि दुनिया के सर्वश्रेष्ठ फुटबॉल खिलाड़ियों में शुमार किए जाते हैं।
ट्रैफिक एडवाइजरी जारी
फुटबॉलर लियोनेल मेसी के अरुण जेटली इंटरनेशनल स्टेडियम में होने वाले प्रदर्शनी मैच के दौरान यातायात पुलिस ने वाहन चालकों को कुछ मार्गों से बचने की सलाह दी है। दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने कार्यक्रम को देखते हुए ट्रैफिक एडवाइजरी जारी की है। सुबह 10 बजे से कार्यक्रम समाप्त होने तक बहादुर शाह ज़फर मार्ग, आईटीओ, दिल्ली गेट, नेताजी सुभाष मार्ग और बृजमोहन चौक पर यातायात प्रभावित रह सकता है। वाहन चालकों को वैकल्पिक मार्ग अपनाने की सलाह दी गई है।
सुरक्षा के पुख्ता इंतज़ाम
मेसी की सुरक्षा को लेकर दिल्ली पुलिस अलर्ट मोड पर है। होटल, कार्यक्रम स्थल और आने-जाने के मार्गों पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। सीसीटीवी कैमरों, ड्रोन और क्विक रिस्पॉन्स टीमों के जरिए पूरे इलाके पर कड़ी निगरानी रखी जा रही है।
प्रशासन की अपील
प्रशासन और आयोजकों ने मेसी के प्रशंसकों से शांति और अनुशासन बनाए रखने की अपील की है। बिना अनुमति किसी भी स्थान पर भीड़ इकट्ठा न करने और सुरक्षा नियमों का पालन करने को कहा गया है। अधिकारियों का कहना है कि सभी कार्यक्रम तय नियमों के अनुसार होंगे और किसी को भी सुरक्षा घेरा तोड़ने की इजाजत नहीं दी जाएगी।
दिल्ली पहुंचते ही बढ़ा उत्साह
जैसे ही यह खबर सामने आई कि लियोनेल मेसी दिल्ली आ रहे हैं खेल प्रेमियों में खुशी की लहर दौड़ गई। मेसी न सिर्फ अर्जेंटीना के विश्व कप विजेता कप्तान हैं बल्कि उन्हें दुनिया के सर्वश्रेष्ठ फुटबॉल खिलाड़ियों में गिना जाता है। उनके दिल्ली दौरे को एक खास कार्यक्रम से जोड़ा जा रहा है जिसमें वे फुटबॉल से जुड़े आयोजनों में भाग ले सकते हैं और युवा खिलाड़ियों से भी मुलाकात कर सकते हैं।
