Suvangi Pradhan: आईसीसी टी-20 वर्ल्ड कप के प्रसारण को लेकर फैली अटकलों पर इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल ने साफ शब्दों में विराम लगा दिया है। साथ ही, ICC ने उन रिपोर्ट्स को पूरी तरह खारिज किया है जिनमें प्रसारण एग्रीमेंट टूटने या बदलाव की बात कही जा रही थी। परिषद ने कहा कि उसका पूरा ध्यान दर्शकों को वर्ल्ड क्लास कवरेज उपलब्ध कराने पर है।
ICC ने स्पष्ट किया है कि टूर्नामेंट के सभी मुकाबले जियोस्टार प्लेटफॉर्म पर ही दिखाए जाएंगे
हाल के दिनों में कुछ मीडिया रिपोर्ट्स में दावा किया गया था कि ICC और जियोस्टार के बीच हुए मीडिया राइट्स एग्रीमेंट में दरार आ गई है, जिसके चलते टी-20 वर्ल्ड कप के प्रसारण को लेकर अनिश्चितता पैदा हो सकती है। इन खबरों के सामने आने के बाद क्रिकेट फैंस के बीच भी भ्रम की स्थिति बन गई थी। हालांकि, ICC ने आधिकारिक बयान जारी कर कहा कि ऐसे दावे निराधार और भ्रामक हैं।
परिषद ने भरोसा दिलाया कि दर्शकों के अनुभव को लेकर कोई समझौता नहीं किया जाएगा
जियोस्टार के साथ किया गया करार पूरी तरह प्रभावी है और उसी के तहत टी-20 वर्ल्ड कप के सभी मैच टीवी और डिजिटल प्लेटफॉर्म पर दिखाए जाएंगे। अत्याधुनिक प्रोडक्शन, मल्टी कैमरा एंगल्स, विशेषज्ञों की मजबूत पैनल और व्यापक डिजिटल कवरेज के जरिए फैंस को बेहतरीन अनुभव देने की तैयारी है। जियोस्टार ने भी अपनी प्रतिबद्धता दोहराते हुए कहा है कि वह भारत समेत दुनिया भर के क्रिकेट प्रेमियों तक हर मैच को व्यापक और सहज तरीके से पहुंचाएगा।
हिंदी सहित कई भाषाओं में कमेंट्री, डेटा-ड्रिवन एनालिसिस और इंटरएक्टिव फीचर्स के जरिए दर्शकों को जोड़े रखने पर खास जोर रहेगा
ICC का मानना है कि टी-20 वर्ल्ड कप जैसे बड़े टूर्नामेंट में प्रसारण साझेदार की भूमिका बेहद अहम होती है। ऐसे में परिषद और जियोस्टार मिलकर यह सुनिश्चित कर रहे हैं कि क्रिकेट का यह महाकुंभ बिना किसी व्यवधान के दुनिया भर में देखा जा सके। ICC ने अंत में फैंस से अपील की कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और आगामी टूर्नामेंट का भरपूर आनंद लें।
