Muskan Garg: मिर्गी का दौरा कभी भी, कहीं भी आ सकता है, घर में, सड़क पर, ऑफिस में या व्यस्त स्थान पर ऐसे समय में मरीज की जान को अफरा-तफरी या गलत कदम खतरे में डाल सकते हैं। ज्यादातर लोग डरते हैं, लेकिन कुछ सरल और सही उपाय किसी की जान बचा सकते हैं। आइए जानें क्या करना चाहिए और क्या बिल्कुल नहीं करना चाहिए।

सबसे पहले: घबराएं नहीं, शांत रहें:
अचानक किसी को झटके आने लगें, शरीर अकड़ जाए या बेहोशी जैसा लगे तो सबसे ज़रूरी है शांत रहकर तुरंत सही कदम उठाना। आपका शांत रहना ही मरीज की सुरक्षा तय करेगा।

1.) मरीज को सुरक्षित जगह पर लिटा दें: अगर व्यक्ति खड़ा है या बैठा है, तो उसे धीरे से जमीन पर लिटा दें ताकि गिरने से चोट न लगे। सिर के नीचे कुछ मुलायम रखें जैसे दुपट्टा, बैग या कपड़ा।

2.) उसके आसपास की खतरनाक चीजें हटा दें: पास में कुर्सी, टेबल, पत्थर, शीशा या नुकीली चीजें हों तो तुरंत दूर कर दें। इससे मरीज चोट से बच जाएगा।

3.) उसे करवट (Side Position) में लिटा दें: बाईं या दाईं करवट में लिटाना सबसे सुरक्षित है। इससे लार या उल्टी सांस की नली में नहीं जाएगी और दम घुटने का खतरा कम हो जाता है।

4.) मुंह में कुछ भी न डालें: यह सबसे बड़ी गलती होती है: अनुभवहीन लोग चम्मच, उंगली, कपड़ा या पानी पिलाने की कोशिश करते हैं। ऐसा बिल्कुल मत करें। इससे दांत टूट सकते हैं, गला बंद हो सकता है या व्यक्ति का दम तक घुट सकता है।

5.) झटकों को रोकने की कोशिश न करें: झटके खुद ही रुक जाते हैं। शरीर को पकड़कर रोकने से हड्डियां या मांसपेशियां चोटिल हो सकती हैं।

6.) दौर खत्म होने तक साथ रहें: आम तौर पर दौरा 30 सेकेंड से 2 मिनट के भीतर रुक जाता है। मरीज को भ्रम, थकान या कमजोरी महसूस हो सकती है, उसे शांत रखें और बातें करके संभालें।

7.) तुरंत अस्पताल ले जाना कब जरूरी है?
• दौरा 5 मिनट से ज्यादा चले
• एक के बाद एक कई दौरे आए
• मरीज घायल हो जाए
• सांस लेने में दिक्कत हो
• पहली बार दौरा पड़ा हो

आपकी जागरूकता किसी की जिंदगी बचा सकती है:
मिर्गी का दौरा डरावना जरूर लगता है, लेकिन सही प्राथमिक सहायता से आप मरीज को सुरक्षित रख सकते हैं। याद रखें दौरा अपने आप रुक जाता है, बस आपको उसके आसपास का माहौल सुरक्षित बनाना है। आपकी समझ और शांति किसी की जान बचाने में सबसे बड़ी भूमिका निभा सकती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *