Suvangi Pradhan: अमेरिका में वीजा नियमों को लेकर बड़े बदलाव देखने को मिल रहे हैं। देश की सुरक्षा एजेंसियों और इमिग्रेशन विभाग ने ड्रग्स और अल्कोहल से जुड़े मामलों पर कड़ी कार्रवाई शुरू कर दी है। ताज़ा आंकड़ों के अनुसार, वर्ष 2025 में अब तक लगभग 85,000 वीजा रद्द किए जा चुके हैं, जिनमें से करीब आधे मामले शराब पीकर गाड़ी चलाने से जुड़े हैं।
यह कदम अमेरिका में नशे से जुड़ी आपराधिक गतिविधियों को रोकने के उद्देश्य से उठाया गया
अमेरिकी अधिकारियों का कहना है कि कोई भी विदेशी नागरिक जो वहां की पब्लिक सेफ्टी के लिए संभावित खतरा हो सकता है, उसका वीजा तुरंत रद्द किया जा सकता है, चाहे वह टूरिस्ट वीजा हो, स्टूडेंट वीजा या वर्क वीजा। कई राज्यों में पुलिस ने विदेशी नागरिकों को नशे में गाड़ी चलाते हुए पकड़ा, जिसके बाद उनके मामलों की जानकारी सीधे यूएस डिपार्टमेंट ऑफ स्टेट को भेजी गई। विभाग ने कड़े कदम उठाते हुए बड़ी संख्या में वीजा तत्काल प्रभाव से कैंसल कर दिए। इसके चलते कई छात्र, कामकाजी लोग और पर्यटक अपनी रोजमर्रा की जिंदगी और योजनाओं को अचानक बाधित होते देख रहे हैं।
अमेरिका की नई नीति अब ज़ीरो टॉलरेंस की ओर बढ़ रही
अमेरिका आने वाले विदेशी नागरिकों के लिए यह संकेत है कि वहां शराब से जुड़े अपराधों को बिल्कुल भी बर्दाश्त नहीं किया जाता। DUI अपराध को न सिर्फ “सीरियस मिसकंडक्ट” माना जाता है, बल्कि यह सीधे व्यक्ति की विश्वसनीयता और सुरक्षा जोखिम से जुड़ जाता है। यही कारण है कि पहली बार DUI में पकड़े जाने पर भी वीजा रद्द किया जा सकता है।
भारतीय यात्रियों के लिए भी यह अहम चेतावनी
पिछले कुछ महीनों में कई भारतीय छात्रों और IT पेशेवरों को DUI के कारण वीजा कैंसल होने और स्वदेश लौटने की खबरें सामने आई हैं। अमेरिका यात्रा की तैयारी कर रहे लोगों के लिए विशेषज्ञ सलाह देते हैं कि वे स्थानीय कानूनों का सख्ती से पालन करें और किसी भी स्थिति में नशे में वाहन न चलाएँ।
