रिया सिन्हा: म्यूजिक कंपोजर पलाश मुच्छल से अपनी शादी टूटने की आधिकारिक घोषणा के ठीक एक दिन बाद, भारतीय महिला क्रिकेट टीम की उप-कप्तान स्मृति मंधाना ने नेट्स पर वापसी कर ली है। मुश्किल निजी दौर से गुजरने के बावजूद, मंधाना ने अपने पेशेवर संकल्प और क्रिकेट के प्रति अपने समर्पण का जबरदस्त उदाहरण पेश किया है। वह सोमवार को मैदान पर पसीना बहाती दिखीं, जहां उन्होंने आगामी इंटरनेशनल सीरीज के लिए जमकर अभ्यास किया। इस खबर ने उनके फैंस और क्रिकेट प्रेमियों को भावुक कर दिया है, जो मुश्किल वक्त में उनकी प्रतिबद्धता की सराहना कर रहे हैं।
भाई ने शेयर की दमदार तस्वीर, लिखा ‘दिल‘ का इमोजी
स्मृति मंधाना के भाई श्रवण मंधाना ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर उनकी नेट्स में बल्लेबाजी करते हुए एक तस्वीर शेयर की। इस तस्वीर के साथ उन्होंने केवल एक दिल (❤️) काइमोजी बनाया। यह तस्वीर तुरंत सोशल मीडिया पर वायरल हो गई। श्रवण का यह छोटा सा पोस्ट मुश्किल समय में अपनी बहन को दिए गए भावनात्मक समर्थन को दर्शाता है। फैंस भी इस फोटो पर प्रतिक्रिया देते हुए लिख रहे हैं कि स्मृति ने व्यक्तिगत दर्द को पीछे छोड़कर देश के प्रति अपनी जिम्मेदारी को चुना है। यह दिखाता है कि क्रिकेट हमेशा उनकी पहली और सबसे बड़ी प्राथमिकता रही है।
करियर पर पूरा फोकस: अब है श्रीलंका सीरीज की तैयारी
पलाश मुच्छल से शादी रद्द होने की घोषणा करते हुए, स्मृति मंधाना ने खुद कहा था कि उनका ध्यान अब पूरी तरह से क्रिकेट करियर पर केंद्रित रहेगा। उनका यह कदम उनके बयान को साबित करता है। अब वह 21 दिसंबर से शुरू होने वाली श्रीलंका के खिलाफ पांच मैचों की टी20 सीरीज के लिए तैयारी में जुट गई हैं। यह सीरीज अगले साल होने वाले टी20 विश्व कप के लिए बेहद अहम है। मंधाना रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) की भी कप्तान हैं और उनका लक्ष्य टीम को मजबूत करना भी है। नेट्स पर उनकी यह वापसी दर्शाती है कि निजी जीवन की चुनौतियों के बावजूद, उनका एकमात्र लक्ष्य अब भारत के लिए ट्रॉफी जीतना है।

