Baljinder Kaur: सर्दियाँ आते ही गर्म धूप सभी को अपनी ओर खींचने लगती है। ठंडी हवा के बीच धूप की हल्की गर्मी शरीर को आराम देती है। भारत में तो धूप सेंकना एक तरह से सर्दियों की परंपरा बन चुका है! ठंडे मौसम में लोग सुबह-सुबह छत या आँगन में बैठकर धूप सेकना पसंद करते हैं।
विटामिन D क्या है और क्यों ज़रूरी है?
विटामिन D एक ऐसा पोषक तत्व (Vitamin) है जो हमारे शरीर के लिए बहुत ज़रूरी है। इसे “सनशाइन विटामिन” भी कहा जाता है, क्योंकि यह मुख्य रूप से हमारे शरीर में सूरज की रोशनी से बनता है।
विटामिन D हमारे शरीर की कई ज़रूरी प्रक्रियाओं के लिए आवश्यक है—
यह हड्डियों को मजबूत बनाता है
इम्यून सिस्टम को बेहतर करता है
मांसपेशियों और तंत्रिका तंत्र को सही तरीके से काम करने में मदद करता है
मूड और ऊर्जा स्तर को भी प्रभावित करता है
धूप से विटामिन-D कैसे बनता है?
विटामिन-D जिसे “सनशाइन विटामिन” भी कहा जाता है, हमारी त्वचा में सूर्य की यूवी-बी (UV-B) किरणों से बनता है। जब हल्की, सुरक्षित धूप त्वचा पर पड़ती है, तो शरीर स्वाभाविक रूप से विटामिन-D तैयार करता है। यह विटामिन हड्डियों, दाँतों, मांसपेशियों और इम्यून सिस्टम के लिए बहुत जरूरी है।
क्या ज्यादा धूप से विटामिन D खतरनाक स्तर पर बढ़ सकता है?
धूप से शरीर में विटामिन D अत्यधिक बढ़ने का खतरा बहुत कम होता है, क्योंकि:
1.शरीर जरूरत के अनुसार विटामिन D बनाता है और जब यह पर्याप्त हो जाता है, तो उत्पादन अपने आप रुक जाता है।
2. दिन के कुछ ही घंटे UVB सक्रिय होती है, खासकर सर्दियों में इसकी तीव्रता और भी कम होती है। इसका मतलब UVB सीमित समय तक प्रभावी होती है।
मतलब यह कि धूप लेने से शरीर में विटामिन D की ‘ओवरडोज़’ नहीं होती, इसलिए सर्दियों में आराम से धूप सेंक सकते हैं।
ज्यादा धूप के नुकसान जरूर
हालाँकि विटामिन-D ज़रूरत से ज्यादा नहीं बनता, पर बहुत देर धूप में बैठना नुकसानदेह हो सकता है जैस:
त्वचा झुलस सकती है
टैनिंग और रैशेज़ हो सकते हैं
लंबे समय में त्वचा उम्र से पहले ढीली पड़ सकती है
इसलिए धूप का लाभ लेने के लिए संतुलन जरूरी है।
सर्दियों की धूप में कितनी देर बैठें?
15–30 मिनट की धूप काफी मानी जाती है
सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे के बीच सबसे उपयुक्त समय
धूप को सीधे त्वचा (चेहरा, हाथ, बाँहें, पैर) पर पड़ने दें
ध्यान रखें कि बहुत मोटे और गर्म कपड़े पहनने से विटामिन-D नहीं बनता
आहार से भी मिलता है विटामिन-D
सिर्फ धूप ही नहीं, कुछ खान-पान से भी विटामिन-D मिल सकता है:
दूध और दही
अंडे
मछली
विटामिन-D सप्लीमेंट (डॉक्टर की सलाह पर)
सर्दियों में धूप जरूर लें, लेकिन बहुत देर तक धूप में बैठना विटामिन-D नहीं बढ़ाता, उल्टा त्वचा को नुकसान पहुँचा सकता है। रोजाना थोड़ी देर सुरक्षित धूप ही स्वास्थ्य के लिए सबसे बेहतर है। इससे शरीर में गर्माहट, ताजगी और ऊर्जा भी मिलती है।
