रिया सिन्हा: बॉलीवुड की मशहूर अभिनेत्री ऐश्वर्या राय बच्चन ने आज, 21 नवंबर 2025 को अपने दिवंगत पिता कृष्णराज राय की जयंती पर एक बेहद भावुक पोस्ट साझा किया है। उन्होंने अपने सोशल मीडिया हैंडल पर पिता के साथ अपनी और बेटी आराध्या बच्चन की अनदेखी और प्यारी तस्वीरें शेयर कीं। तस्वीरों में आराध्या को अपने नाना की गोद में लाड़ करते हुए और गाल पर चूमते हुए देखा जा सकता है, जो उनके मजबूत रिश्ते को दर्शाती हैं। तस्वीरों को देखकर ऐश्वर्या के फैंस की आँखें भी नम हो गईं।
आराध्या के साथ साझा की ‘तब और अब‘ की तस्वीरें
ऐश्वर्या ने एक ऐसी तस्वीर भी शेयर की, जिसमें वह और उनकी बेटी आराध्या दोनों सफेद रंग के पारंपरिक परिधानों में, आंखें बंद कर पिता कृष्णराज राय की तस्वीर के सामने प्रार्थना करती नजर आ रही हैं। यह तस्वीर उनके पिता के प्रति उनकी अटूट श्रद्धा को दिखाती है। इस ‘तब और अब’ (Then and Now) वाली पोस्ट में ऐश्वर्या ने हाल ही में 14 साल की हुई आराध्या के बचपन की तस्वीरें भी शामिल कीं, जिनमें वह अपने नानू के साथ खेलती दिख रही हैं। ऐश्वर्या के इस निजी और भावुक पल को देखकर फैंस ने दिल खोलकर प्यार लुटाया।
पिता को कहा ‘डैडी-अज्जा‘ और फैंस का जताया आभार
तस्वीरों के साथ ऐश्वर्या राय ने एक दिल छू लेने वाला कैप्शन भी लिखा। उन्होंने अपने पिता को संबोधित करते हुए लिखा, “जन्मदिन मुबारक हो प्यारे डैडी-अज्जा। हमारे गार्जियन एंजल, आपसे हमेशा प्यार करती रहूंगी।” इसके साथ ही, ऐश्वर्या ने अपनी बेटी आराध्या के 14वें जन्मदिन पर फैंस द्वारा दिए गए असीम प्यार और आशीर्वाद के लिए भी आभार व्यक्त किया। ऐश्वर्या के इस इमोशनल पोस्ट पर महिमा चौधरी समेत कई सेलेब्स और फैंस ने कमेंट कर कृष्णराज राय को श्रद्धांजलि दी और उन्हें याद किया।
