Muskan Garg: भांडीर वन, श्री वृंदावन धाम के घने वनों में स्थित है, एक ऐसा पवित्र स्थान जहां प्रेम के परम प्रतिरूप श्री राधा-कृष्ण का गुप्त एवं दिव्य विवाह हुआ था। यह स्थान वैष्णव परंपरा में बहुत श्रद्धा का केंद्र है, साथ ही अपने अंदर भक्ति, प्रेम और अध्यात्म की एक अनूठी कहानी भी समेटे हुए है।

भांडीर वन: जहां श्री राधा-कृष्ण का विवाह हुआ:
वृंदावन के द्वादश वनों में से एक है भांडीर वन, जहाँ आज भी प्रेम और माधुर्य की गंध आती है। मान्यता है कि यहीं पर स्वयं ब्रह्माजी ने श्री राधा और श्री कृष्ण का विवाह करवाया था। यह विवाह संसार के नियमों से परे, प्रेमपूर्ण और आत्माओं के एकीकरण का प्रतीक माना जाता है।


गुप्त विवाह का इतिहास:
कथा कहती है कि एक दिन राधा और कृष्ण बचपन में वन में खेल रहे थे तभी अचानक भारी आँधी और बारिश होने लगी। भयभीत होकर वे दोनों एक बड़े वृक्ष के नीचे खड़े हो गए। बाद में इसे भांडीर वृक्ष कहा गया। श्री कृष्ण ने लाडली जू का हाथ पकड़ा, उन्हें सुरक्षित किया और प्रेम की सांत्वना दी। ठीक उसी समय ब्रह्माजी वहां प्रकट हुए और बोले कि: “हे भगवान! आज मैं आपकी इच्छा अनुसार आप दोनों का दिव्य विवाह कराना चाहता हूँ।” ”
श्री कृष्ण मुस्कुराए और श्री राधा ने शरमाते हुए सहमति दी।

ब्रह्मा जी द्वारा सम्पन्न दिव्य विवाह:
ब्रह्माजी ने स्वयं पुरोहित बनकर विवाह के सभी संस्कार किए।
श्री राधा-कृष्ण ने एक दूसरे को मालाएँ पहनाईं। अग्नि को साक्षी मानकर सात फेरे लिए, फिर ब्रह्माजी ने युगल जोड़ी को अपना आशीर्वाद दिया।
ब्रह्मांड में शुद्ध प्रेम का सबसे पवित्र सूत्र यहीं स्थापित हुआ था।
यह महत्वपूर्ण है कि यह विवाह लौकिक नहीं था, बल्कि आध्यात्मिक और दिव्य था। यह आत्मा और परमात्मा के मिलन का साक्षात् दर्शन था।

भांडीर वन की महिमा:
आज भी वृंदावन में स्थित भांडीर महादेव मंदिर और विवाह स्थल श्री राधा-कृष्ण के उस अद्भुत मिलन का स्मरण कराते हैं। माना जाता है कि यहां आने वाले भक्तों को शांति, प्रेम और आध्यात्मिक ऊर्जा का अनुभव अवश्य होता है।

विवाह स्थली का दर्शन और प्रवेश:
माना जाता है कि भांडीर वन सिर्फ वही लोग जा सकते है जो किसी भी रूप में श्री राधा-कृष्ण के विवाह के समय वहां मौजूद थे। भांडीर वन सिर्फ एक ही ऐसी जगह है जहां श्री कृष्ण श्री राधे जू की मांग में सिंदूर भरते हुए नजर आते है। वहां के अलौकिक दर्शन मनुष्य को प्रेममय बना देते है और मानसिक शांति प्रदान करते है।

भांडीर वन की यह कथा हमें बताती है कि श्री राधा-कृष्ण का प्रेम आम नहीं, बल्कि परम शक्ति से भरपूर आध्यात्मिक प्रेम है। उनका विवाह आत्मा की शुद्धता, समर्पण और दिव्यता का संदेश देता है।

इस भूमि पर आज भी वही दिव्य आभा है जो हजारों वर्ष पूर्व श्री राधा–कृष्ण के अनंत प्रेम का साक्षी बनी थी।



Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *