रिया सिन्हा: ब्लॉकबस्टर हॉरर-कॉमेडी फिल्म ‘मुंज्या’ के डायरेक्टर आदित्य सरपोतदार ने हाल ही में फिल्म से जुड़ी एक दिलचस्प बात का खुलासा किया है। उन्होंने बताया कि ‘मुंज्या’ की मूल कहानी में लीड कैरेक्टर ‘बिट्टू’ को एक लड़की के रूप में लिखा गया था, और यह रोल एक्ट्रेस श्रद्धा कपूर निभाने वाली थीं। कहानी के लेखक योगेश चंदेकर ने इसे एक महिला के दृष्टिकोण से लिखा था, जिसमें बिट्टू एक लेस्बियन लड़की थी जो अपनी बेस्ट फ्रेंड से प्यार करती थी। श्रद्धा कपूर इस रोल के लिए लगभग फाइनल थीं और उन्होंने लुक टेस्ट भी दिया था।
डायरेक्टर को लगा कहानी दर्शकों के लिए हो जाएगी जटिल
आदित्य सरपोतदार ने बताया कि जब वह फिल्म के साथ जुड़े, तो उन्हें लगा कि कहानी का यह मूल नैरेटिव (कथानक) दर्शकों के लिए बहुत जटिल हो जाएगा। उनका मानना था कि किसी भी फिल्म का मुख्य केंद्र बिंदु और बुनियादी कहानी एक ही होनी चाहिए, न कि कई। एक लेस्बियन लव स्टोरी को हॉरर-कॉमेडी और ‘मैडॉक हॉरर कॉमेडी यूनिवर्स’ (MHCU) के साथ जोड़ना, डायरेक्टर को लगा कि दर्शकों के लिए पचाना मुश्किल होगा और फिल्म का मुख्य फोकस भटक सकता है।
कहानी में बदलाव ने दी पुरुष ‘बिट्टू‘ को जन्म
इस जटिलता से बचने के लिए, डायरेक्टर आदित्य सरपोतदार ने निर्माता दिनेश विजन को कहानी बदलने का सुझाव दिया। उन्होंने महसूस किया कि मुंज्या (भूत) के आर्क की तुलना एक पुरुष बिट्टू के साथ करना बेहतर होगा। दोनों ही किरदार अपने से छह साल बड़ी महिलाओं से प्यार करते हैं, लेकिन उनका अप्रोच बिल्कुल अलग है। इस बदलाव के बाद श्रद्धा कपूर की जगह अभय वर्मा को पुरुष ‘बिट्टू’ के रूप में कास्ट किया गया, जिसकी जोड़ी शरवरी वाघ के साथ बनी। इस बदलाव ने पूरी फिल्म का दृष्टिकोण बदल दिया और इसे दर्शकों के लिए सरल और अधिक मनोरंजक बना दिया।

