शनिवार को दुबई से जयपुर आ रही एयर इंडिया एक्सप्रेस की फ्लाइट में उस वक्त हंगामा हो गया जब एक यात्री ने शराब के नशे में महिला क्रू मेंबर के साथ बदतमीज़ी की। यह घटना फ्लाइट के दौरान हुई, जब सभी यात्री शांतिपूर्वक यात्रा कर रहे थे। लेकिन नशे में धुत इस शख्स ने ना केवल फ्लाइट के नियमों का उल्लंघन किया, बल्कि महिला क्रू सदस्य के साथ गलत व्यवहार भी किया।
फ्लाइट के जयपुर इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर लैंड करते ही क्रू मेंबर्स ने इस घटना की जानकारी तुरंत एयरपोर्ट सुरक्षा अधिकारियों को दी। इसके बाद पुलिस को बुलाया गया और एयर इंडिया एक्सप्रेस ने आरोपी यात्री के खिलाफ आधिकारिक शिकायत दर्ज करवाई। फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और जांच जारी है। अभी तक उस शख्स की पहचान सार्वजनिक नहीं की गई है, क्योंकि जांच प्रक्रिया चल रही है।
एयर इंडिया ने क्या कहा?
एयर इंडिया के एक प्रवक्ता ने कहा, “हमारा नियम है कि किसी भी तरह के गलत या अशांत व्यवहार को बिल्कुल बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। हम सभी यात्रियों और क्रू की सुरक्षा और भलाई को सबसे ज़्यादा महत्व देते हैं।” उन्होंने आगे कहा, “हम इस मामले में संबंधित अधिकारियों के साथ पूरा सहयोग करेंगे। अब यह मामला उनकी जांच के तहत है।”
डीजीसीए के नियम क्या कहते हैं?
डीजीसीए (नागरिक उड्डयन महानिदेशालय) के नियमों के अनुसार, ऐसी घटनाओं को गंभीरता से लेना जरूरी है। हर एयरलाइन को अपनी एक आंतरिक समिति बनानी होती है जो यह तय करती है कि आरोपी यात्री पर क्या कार्रवाई की जाए। अगर जरूरत हो, तो ऐसे व्यक्ति को ‘नो-फ्लाई लिस्ट’ में डाला जा सकता है, यानी वह भविष्य में फ्लाइट से यात्रा नहीं कर सकेगा।
इसी तरह का एक और मामला आया सामने
इसी दिन अमृतसर से दिल्ली जा रही एयर इंडिया की फ्लाइट AI454 में भी एक यात्री ने बवाल किया। लैंडिंग की तैयारी के दौरान एक यात्री सीट से उठकर दूसरे यात्री से बहस करने लगा। दूसरे यात्री ने बताया कि वह शख्स गाली-गलौच कर रहा था। क्रू मेंबर ने तुरंत कार्रवाई करते हुए शिकायतकर्ता को बिज़नेस क्लास में शिफ्ट किया और पायलट ने दिल्ली एयरपोर्ट की सुरक्षा टीम को पहले ही सूचना दे दी थी। फ्लाइट लैंड होने पर उस बदतमीज़ यात्री को सुरक्षा अधिकारियों को सौंप दिया गया।

