आदेश चौहान: दुलारचंद यादव हत्याकांड में गिरफ्तार मोकामा के पूर्व विधायक अनंत सिंह को कोर्ट ने 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया है. उन्हें पटना के बेऊर जेल भेजा गया है. इससे पहले अनंत सिंह और अन्य आरोपियों की डीआईयू सेल में मेडिकल जांच हुई, जिसके बाद उन्हें पटना सिविल कोर्ट में मजिस्ट्रेट के सामने पेश किया गया. प्रशांत किशोर की जन सुराज पार्टी के समर्थक दुलारचंद की 30 अक्टूबर को हत्या हुई थी. 

अनंत सिंह पर दुलारचंद की हत्या का आरोप

दुलारचंद यादव के परिवार वालों ने उनकी हत्या का आरोप अनंत सिंह पर लगाया है, जिसके बाद उनके खिलाफ पुलिस एक्शन का दबाव बढ़ता जा रहा था. पुलिस मामले में सबूतों की पड़ताल कर रही थी और जांच आगे बढ़ने के साथ 1 नवंबर की रात अनंत सिंह की गिरफ्तारी हुई. घोसवरी थाने में अनंत सिंह समेत पांच लोगों के खिलाफ इस हत्याकांड के सिलसिले में एफआईआर दर्ज हुई है.

कल बीती रात को बाहुबली नेता अनंत सिंह की गिरफ्तारी की गई

गत रात 11 बजे के करीब वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) कार्तिकेय शर्मा के नेतृत्व में पुलिस टीम बाढ़ पहुंची, जहां अनंत सिंह अपने समर्थकों से साथ मौजूद थे. यहां SSP  शर्मा ने अनंत सिंह से 5 मिनट तक बातचीत की, फिर रात 11.30 बजे पुलिस ने पूर्व मोकामा विधायक को कस्टडी में ले लिया. अनंत सिंह को पटना लाए जाने के बाद रात 2 बजे प्रशासन ने उनकी गिरफ्तारी का ऐलान किया. 

मोकामा हत्याकांड में अधिकारियों पर एक्शन

मोकामा विधानसभा क्षेत्र में दुलारचंद यादव की हत्या के बाद चुनाव आयोग ने 3 ​अधिकारियों का तबादला और 1 अधिकारी को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया. बाढ़-1 क्षेत्र के एसडीओ और मोकामा विधानसभा सीट के रिटर्निंग ऑफिसर चंदन कुमार को हटा दिया गया है.
बाढ़ के एसडीपीओ (सब डिविजनल पुलिस ऑफिसर) राकेश कुमार की जगह पर पटना सीआईडी के डीएसपी आनंद कुमार सिंह को भेजा गया है. जबकि बाढ़-2 क्षेत्र के एसडीपीओ अभिषेक सिंह को सस्पेंड कर दिया गया है और उनकी जगह पटना से एटीएस के पटना से एटीएस के डीएसपी आयुष श्रीवास्तव को भेजा गया है. चुनाव आयोग ने पटना (ग्रामीण) के एसपी विक्रम सिहाग का ट्रांसफर कर दिया. 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *