रिया सिन्हा: बॉलीवुड की पूर्व अभिनेत्री और अब साध्वी बन चुकीं ममता कुलकर्णी (महामंडलेश्वर यमाई ममता नंदगिरी) अपने एक हालिया बयान को लेकर विवादों में घिरने के बाद बैकफुट पर आ गई हैं। गोरखपुर में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान उन्होंने कथित तौर पर अंडरवर्ल्ड डॉन दाऊद इब्राहिम को लेकर टिप्पणी की थी कि “वह कोई आतंकवादी नहीं है” और “उसने कोई बम ब्लास्ट नहीं किया।” इस बयान के वायरल होते ही सोशल मीडिया पर तीखी प्रतिक्रियाएँ आईं, जिसके बाद उन्हें अपनी बात से यू-टर्न लेना पड़ा।
सफाई में विक्की गोस्वामी का ज़िक्र
विवाद बढ़ने के बाद ममता कुलकर्णी ने तुरंत सफाई जारी की। उन्होंने कहा कि उनके शब्दों को गलत ढंग से पेश किया गया और वह दाऊद इब्राहिम की नहीं, बल्कि अपने पूर्व पार्टनर विक्की गोस्वामी की बात कर रही थीं। उन्होंने स्पष्ट किया, “मेरा दाऊद इब्राहिम से दूर-दूर तक कोई लेना-देना नहीं है। मैं उसे जीवन में कभी नहीं मिली।” ममता ने आगे कहा कि वह उस व्यक्ति (विक्की गोस्वामी) का ज़िक्र कर रही थीं, जिसके साथ उनका नाम जुड़ा था, और जो कथित तौर पर कोई देश-विरोधी या आतंकी गतिविधियों में शामिल नहीं था।
दाऊद को बताया ‘आतंकवादी‘
अपने विवादित बयान से पूरी तरह पलटने हुए, ममता कुलकर्णी ने साफ किया कि दाऊद इब्राहिम उनके लिए एक आतंकवादी है। उन्होंने कहा, “दाऊद इब्राहिम मेरे लिए एक आतंकवादी है, उसकी वजह से कई मासूम लोगों को जान गंवानी पड़ी।” उन्होंने मीडिया से भी अपील की कि वे अपने विवेक का इस्तेमाल करें और पूरे बयान को समझें। उन्होंने ज़ोर देकर कहा कि वह अब पूरी तरह से अध्यात्म के मार्ग पर हैं और उनका राजनीति या फिल्म इंडस्ट्री से कोई संबंध नहीं है।
अध्यात्म की राह पर हैं ममता
ममता कुलकर्णी ने अपने बयान में यह भी जोड़ा कि उन्होंने 25 साल ध्यान और तप किया है और इसपर किसी को मज़ाक नहीं उड़ाना चाहिए। वह वर्तमान में किन्नर अखाड़े की महामंडलेश्वर के रूप में धार्मिक कार्यों में सक्रिय हैं। यह पूरा विवाद तब खड़ा हुआ जब दाऊद इब्राहिम से जुड़े सवाल पर उन्होंने विक्की गोस्वामी का पक्ष लेते हुए, अप्रत्यक्ष रूप से यह कह दिया कि वह कोई आतंकवादी नहीं है, जिसने मुंबई में कोई बम ब्लास्ट नहीं किया।

