रिया सिन्हा: पैन इंडिया स्टार प्रभास की आगामी पीरियड एक्शन-ड्रामा फिल्म, जिसका संभावित शीर्षक ‘फौजी’ है, का एक और दमदार पोस्टर जारी हो गया है। इस पोस्टर में प्रभास का जबरदस्त और इंटेंस लुक देखने को मिला है। हालांकि, अभिनेता का पूरा चेहरा अभी भी रहस्यमय ढंग से छिपा हुआ है, लेकिन उनकी आँखों में क्रोध की ज्वाला और खतरनाक अंदाज साफ महसूस किया जा रहा है। पोस्टर पर “1932 से मोस्ट वांटेड” की टैगलाइन लिखी है, जो यह स्पष्ट करती है कि यह फिल्म ब्रिटिश शासन और भारतीय स्वतंत्रता संग्राम के दौर पर आधारित होगी।
दमदार पोस्टर में दिखा प्रभास का इंटेंस लुक
पोस्टर के साथ ‘ए बटालियन हू स्टैंड्स अलोन’ (A Battalion who stands alone) की टैगलाइन ने फिल्म को लेकर फैंस की उत्सुकता को और बढ़ा दिया है। इससे पहले जारी किए गए पोस्टर में बंदूकों का ढेर और एक शख्स की परछाई दिखाई गई थी। नए पोस्टर में प्रभास का लंबा कोट और जूते दिख रहे हैं, साथ ही बैकग्राउंड में ग्रेट ब्रिटेन का झंडा भी नजर आ रहा है, जो फिल्म के ऐतिहासिक पहलू की ओर इशारा करता है। ऐसी अटकलें हैं कि प्रभास इस फिल्म में एक विद्रोही या स्वतंत्रता सेनानी के किरदार में नजर आएंगे।
‘1932 से मोस्ट वांटेड‘ टैगलाइन ने बढ़ाया सस्पेंस
इस फिल्म का निर्देशन हनु राघवपुड़ी कर रहे हैं, जो अपनी बेहतरीन कहानियों के लिए जाने जाते हैं। फिल्म में प्रभास के साथ अभिनेत्री इमान्वी मुख्य भूमिका में होंगी। इसके अलावा, दिग्गज कलाकार मिथुन चक्रवर्ती, अनुपम खेर और जयाप्रदा भी अहम भूमिकाओं में दिखाई देंगे। फिलहाल फिल्म के आधिकारिक शीर्षक की घोषणा बाकी है, लेकिन फैंस इसे ‘फौजी’ मानकर काफी उत्साहित हैं। फिल्म के 2026 में स्वतंत्रता दिवस के मौके पर रिलीज होने की खबरें हैं, जो इसे एक बड़ा सिनेमाई इवेंट बना सकती है।

