रिया सिन्हा: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी गुरुवार (23 अक्तूबर) शाम को बिहार विधानसभा चुनाव के मद्देनजर एनडीए कार्यकर्ताओं से सीधा वर्चुअल संवाद करेंगे। उन्होंने खुद सोशल मीडिया के माध्यम से इसकी जानकारी दी है। इस संवाद का मुख्य उद्देश्य आगामी चुनाव में एनडीए की जीत सुनिश्चित करने के लिए कार्यकर्ताओं में ऊर्जा भरना और बूथ स्तर पर उनकी भागीदारी को मजबूत करना है। पीएम मोदी ने कहा कि जनसंपर्क और संवाद से लेकर संगठन के हर स्तर पर कार्यकर्ताओं का समर्पण हमारी सबसे बड़ी ताकत है। यह संवाद ‘मेरा बूथ सबसे मजबूत’ कार्यक्रम के तहत शाम करीब 6 बजे होगा।
कार्यकर्ताओं से वर्चुअल संवाद कर भरेंगे जोश
वर्चुअल संवाद के बाद, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शुक्रवार (24 अक्टूबर) से बिहार में चुनावी रैलियों का तूफानी दौरा शुरू करेंगे। उनकी पहली रैली कर्पूरी ठाकुर की जन्मस्थली समस्तीपुर में होगी। इसके बाद वे बेगूसराय में भी एक चुनावी जनसभा को संबोधित करेंगे। इन रैलियों के जरिए प्रधानमंत्री एनडीए के उम्मीदवारों के लिए जनता से वोट की अपील करेंगे और केंद्र तथा राज्य सरकार की उपलब्धियों को लोगों तक पहुंचाएंगे। यह दौरा विधानसभा चुनाव प्रचार को गति देने की दिशा में एक बड़ा कदम है।
शुक्रवार को समस्तीपुर और बेगूसराय में होगी चुनावी रैली
पीएम मोदी बिहार विधानसभा चुनाव में एनडीए की जीत के लिए पूरी तरह से फोकस कर रहे हैं। इन रैलियों में उनका ध्यान युवाओं और हर वर्ग के मतदाताओं को साधने पर रहेगा। वे कार्यकर्ताओं को चुनाव जीतने के लिए महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश भी देंगे, जिसमें हर परिवार से मिलना और उन्हें सरकारी योजनाओं के बारे में बताना शामिल है। भाजपा का मानना है कि ‘मेरा बूथ सबसे मजबूत’ अभियान से ही पार्टी को ज़मीनी स्तर पर मजबूती मिलेगी और चुनावी मैदान में सफलता हासिल होगी।

