रिपोर्टर -आदेश चौहान: भोजपुरी इंडस्ट्री के पावर स्टार पवन सिंह की पत्नी ज्योति सिंह राजनीति में उतर गई हैं. ज्योति सिंह ने काराकाट सीट से निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में नामांकन दाखिल कर दिया है. ज्योति सिंह के चुनावी मैदान में उतरने की खबर सामने आते ही भोजपुरी इंडस्ट्री में हलचल मच गई है.
दूसरे चरण के नामांकन का आज आखिरी दिन
बता दें कि बिहार में दूसरे चरण के 122 विधानसभा सीटों पर नामांकन की प्रक्रिया आज खत्म हो गई है. पहले चरण की 121 विधानसभा सीटों पर उम्मीदवारों के नाम वापस से लेने की समय सीमा भी खत्म हो चुकी है.
पवन सिंह संग चल रहा पत्नी ज्योति सिंह का विवाद
ज्योति सिंह की बात करें तो वो लंबे समय से पवन सिंह संग अपने बिगड़े रिश्ते को लेकर चर्चा में बनी हुई हैं. दोनों की शादीशुदा जिंदगी मुश्किल दौर से गुजर रही है. ज्योति ने वीडियो शेयर करके रो-रोकर पवन सिंह पर कई गंभीर आरोप लगाए थे. हालांकि, पावर स्टार ने ज्योति के सभी आरोपों को गलत और बेबुनियाद बताया था.
पवन सिंह 2024 में काराकाट से लोकसभा चुनाव लड़ चुके है
विदित हो कि पवन सिंह ने 2024 के लोकसभा चुनाव में काराकाट संसदीय क्षेत्र से निर्दलीय चुनाव लड़ा, जिसमें वह जीत तो हासिल नहीं कर पाए, लेकिन शानदार प्रदर्शन करते हुए दूसरा स्थान प्राप्त किया था ,साथ ही पूर्व केंद्रीय मंत्री उपेंद्र कुशवाहा को तीसरे स्थान पर ढकेल दिया था.
पवन सिंह ने पत्नी ज्योति पर लगाए थे गंभीर आरोप
पवन सिंह ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर ये भी दावा किया था कि ज्योति के पिता चाहते हैं कि उनकी बेटी को विधायक बना दिया जाए. पवन सिंह ने पत्नी पर वार करते हुए कहा था- ये उम्मीद नहीं थी कि विधायक बनने के लिए इतना गिर सकती है.
वहीं, पति संग बिगड़े रिश्तों के बीच अब ज्योति सिंह ने एक बड़ा कदम उठाते हुए काराकाट सीट से निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में नामांकन दाखिल कर दिया है. हालांकि, इसपर अभी तक पावर स्टार का कोई रिएक्शन सामने नहीं आया है. वहीं, दूसरी ओर पवन सिंह और ज्योति के तलाक का केस कोर्ट में चल रहा है.
बीते दिनों ऐसी खबरें भी सामने आई थीं कि ,ज्योति ने पवन सिंह से तलाक के लिए 30 करोड़ की एलिमनी की मांग की है.
