रिया सिन्हा: बॉलीवुड की सदाबहार रोमांटिक फिल्म ‘दिलवाले दुल्हनिया ले जाएंगे’ (DDLJ) ने आज, 20 अक्टूबर 2025 को अपनी रिलीज के 30 साल पूरे कर लिए हैं। इस खास अवसर पर, फिल्म की ‘सिमरन’ यानी अभिनेत्री काजोल ने सोशल मीडिया पर अपने प्रशंसकों के साथ खुशी मनाई। काजोल ने इस मौके को यादगार बनाते हुए एक विशेष पोस्ट साझा किया, जिसमें उन्होंने फिल्म को दर्शकों द्वारा दिए गए अपार प्यार के लिए आभार व्यक्त किया।

अभिनेत्री ने शेयर किया मजेदार पोस्टर

काजोल ने अपनी पोस्ट में फिल्म का एक प्यारा पोस्टर शेयर किया, जिसके ऊपर लिखे मजेदार डायलॉग ने सबका ध्यान खींचा। पोस्टर पर लिखा था, शाहरुख ने कहा काजोल के कान में चल बर्गर शर्गर खाते हैं शर्मा की दुकान में।” इस मजाकिया कैप्शन के साथ उन्होंने यह भी बताया कि इस कल्ट क्लासिक फिल्म की शूटिंग स्विट्जरलैंड के इंटरलेकन स्टेशन पर हुई थी। इस तरह काजोल ने अपनी चिर-परिचित चुलबुली अंदाज में फिल्म की तीन दशक की शानदार यात्रा का जश्न मनाया।

दर्शकों के अभूतपूर्वप्यार का किया शुक्रिया

अभिनेत्री ने अपनी पोस्ट में लिखा, “DDLJ को समय के हिसाब से आज 30 साल पूरे हो गए हैं, लेकिन जिस तरह से यह दुनिया भर में और हर किसी के दिल और दिमाग में फैल गई है, उसे गिना नहीं जा सकता। आप सभी का इस अभूतपूर्व तरीके से प्यार देने के लिए धन्यवाद!” काजोल ने कहा कि जब वह यह फिल्म बना रही थीं, तब उन्हें यह अंदाजा भी नहीं था कि यह लोगों के जीवन का इतना बड़ा हिस्सा बन जाएगी। उन्होंने दर्शकों के इस ‘सच्चे प्यार’ को अपनी सबसे बड़ी उपलब्धि बताया। ‘दिलवाले दुल्हनिया ले जाएंगे’ आज भी मुंबई के मराठा मंदिर सिनेमा हॉल में चल रही है, जो अपने आप में एक विश्व रिकॉर्ड है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *