रिया सिन्हा
देश के पहले गृह मंत्री और ‘लौह पुरुष’ सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने एक बड़ा और व्यापक अभियान शुरू करने की घोषणा की है। इस अभियान को ‘Sardar@150’ नाम दिया गया है, जिसका मुख्य लक्ष्य सरदार पटेल के राष्ट्रीय एकता, अखंडता और राष्ट्र निर्माण के अमूल्य संदेश को देश के कोने-कोने तक पहुँचाना है। यह दो महीने लंबा अभियान 31 अक्टूबर (पटेल की जयंती) से शुरू होगा और 6 दिसंबर (डॉ. भीमराव अंबेडकर के महापरिनिर्वाण दिवस) पर समाप्त होगा।
अभियान की मुख्य थीम: ‘एक भारत, विकसित भारत‘
‘Sardar@150’ अभियान की मुख्य थीम ‘एक भारत, आत्मनिर्भर भारत, एकजुट भारत, विकसित भारत’ रखी गई है। इस पहल का उद्देश्य विशेष रूप से देश के युवाओं को सरदार पटेल के आदर्शों से जोड़ना और उन्हें ‘एक भारत’ के निर्माण के लिए प्रेरित करना है। पार्टी मुख्यालय में अभियान की तैयारियों की समीक्षा के लिए एक महत्वपूर्ण बैठक हुई, जिसकी अध्यक्षता पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव सुनील बंसल ने की।
तीन चरणों में चलेगा यह मेगा अभियान
इस राष्ट्रव्यापी अभियान को तीन प्रमुख चरणों में क्रियान्वित किया जाएगा:
- पदयात्रा और जनसंपर्क: पहले चरण में, पार्टी हर लोकसभा क्षेत्र में तीन दिनों की पदयात्रा आयोजित करेगी, जिसमें सांसद, विधायक और पार्टी के कार्यकर्ता शामिल होंगे।
- युवाओं की यात्रा: दूसरे चरण में, हर लोकसभा क्षेत्र से चुने गए पाँच युवा गुजरात में सरदार पटेल के जन्मस्थान कर्मसद तक यात्रा करेंगे।
- कर्मसद से केवड़िया पदयात्रा: अभियान का तीसरा चरण 26 नवंबर (संविधान दिवस) को कर्मसद से शुरू होगा और स्टैच्यू ऑफ यूनिटी, केवड़िया तक 150 किलोमीटर की पदयात्रा होगी, जिसका समापन 6 दिसंबर को होगा।
इसके अतिरिक्त, दिल्ली में 150 युवाओं का एक विशेष कार्यक्रम होगा, जिसके तहत वे यमुना नदी का जल देश की 25 प्रमुख नदियों तक ले जाएंगे और फिर उन नदियों का जल वापस लाकर पटेल की प्रतिमा को अर्पित करेंगे। इस पूरे अभियान को एक विशेष डॉक्यूमेंट्री के माध्यम से भी प्रचारित किया जाएगा।
