रिया सिन्हा

मुंबई क्रिकेट एसोसिएशन (MCA) ने बुधवार को एक बड़ा फैसला लेते हुए पूर्व भारतीय कप्तान और महान बल्लेबाज दिलीप वेंगसरकर की आदमकद प्रतिमा (लाइफ-साइज स्टैच्यू) मुंबई के ऐतिहासिक वानखेड़े स्टेडियम में स्थापित करने का ऐलान किया है। यह फैसला MCA की शीर्ष परिषद की बैठक में सर्वसम्मति से लिया गया। इससे पहले, पिछले साल मास्टर ब्लास्टर सचिन तेंदुलकर की प्रतिमा स्टेडियम में सचिन तेंदुलकर स्टैंड के पास लगाई गई थी।

भारतीय और मुंबई क्रिकेट में योगदान का सम्मान

MCA ने अपने आधिकारिक बयान में कहा कि यह निर्णय भारतीय और मुंबई क्रिकेट में दिलीप वेंगसरकर के उत्कृष्ट योगदान के सम्मान में लिया गया है। वेंगसरकर 1983 विश्व कप विजेता भारतीय टीम का भी हिस्सा थे। उन्हें ‘कर्नल’ के नाम से जाना जाता है और वह मुंबई क्रिकेट के एक प्रमुख स्तंभ रहे हैं। उन्होंने भारत के लिए 116 टेस्ट मैचों में 42.13 की औसत से 6,868 रन बनाए, जिसमें 17 शतक शामिल हैं। उनके नाम लॉर्ड्स के ऐतिहासिक मैदान पर लगातार तीन शतक लगाने का अनोखा रिकॉर्ड भी है।

किसानों और ग्रास रूट क्रिकेट के लिए भी पहल

इस महत्वपूर्ण घोषणा के साथ ही MCA ने सामाजिक सरोकार के लिए भी एक बड़ा कदम उठाया है। एसोसिएशन ने ‘कृषक समुदाय के प्रति एकजुटता’ दिखाते हुए मुख्यमंत्री राहत कोष में एक करोड़ रुपये का दान देने का फैसला किया है। इसके अलावा, मुंबई के वर्तमान खिलाड़ी भी सामूहिक रूप से 25 लाख रुपये का योगदान देंगे।

MCA के अध्यक्ष अजिंक्य नाइक ने कहा कि वानखेड़े में दिलीप वेंगसरकर की प्रतिमा स्थापित करना मुंबई के महानतम क्रिकेट दिग्गजों में से एक को सम्मान देने का तरीका है। साथ ही, उन्होंने मुंबई मेट्रोपॉलिटन रीजन (MMR) में MCA क्रिकेट अकादमियां स्थापित करने और ग्रास रूट स्तर पर सुधार के लिए मैदान क्लबों को उपकरण देने की भी घोषणा की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *