रिया सिन्हा

मुंबई में आयोजित सीएट क्रिकेट रेटिंग अवॉर्ड्स 2025 समारोह में भारतीय खिलाड़ियों का जलवा देखने को मिला। हाल ही में वनडे टीम की कप्तानी से हटाए गए रोहित शर्मा इस इवेंट का मुख्य आकर्षण रहे, जिन्हें कप्तानी से हटने के बावजूद एक विशेष अवॉर्ड से सम्मानित किया गया। रोहित को यह सम्मान भारत को 2025 चैंपियंस ट्रॉफी का खिताब दिलाने के लिए दिया गया। यह 2013 के बाद भारत का पहला चैंपियंस ट्रॉफी खिताब था। दिग्गज सुनील गावस्कर के हाथों रोहित शर्मा को यह ‘स्पेशल मोमेंटो’ प्रदान किया गया, जिसने क्रिकेट जगत में उनके नेतृत्व की शानदार उपलब्धि को सराहा।

T20 में छाए संजू सैमसन और श्रेयस अय्यर

रोहित शर्मा के अलावा, इस अवॉर्ड समारोह में कई अन्य भारतीय खिलाड़ियों को भी महत्वपूर्ण सम्मान से नवाजा गया। विकेटकीपर-बल्लेबाज संजू सैमसन को उनके शानदार प्रदर्शन के लिए पुरुष T20 इंटरनेशनल बैटर ऑफ द ईयर चुना गया। संजू को यह अवॉर्ड पिछले 12 महीनों में उनके तीन T20I शतकों के योगदान के लिए मिला। वहीं, हाल ही में वनडे टीम के उप-कप्तान नियुक्त किए गए श्रेयस अय्यर को सीएट जियोस्टार अवॉर्ड से सम्मानित किया गया। श्रेयस को चैंपियंस ट्रॉफी में भारत की तरफ से सबसे ज्यादा रन बनाने के लिए भी एक विशेष मोमेंटो दिया गया। मिस्ट्री स्पिनर वरुण चक्रवर्ती को पुरुष T20 इंटरनेशनल बॉलर ऑफ द ईयर का अवॉर्ड मिला।

अंतर्राष्ट्रीय दिग्गजों को भी मिला सम्मान

विदेशी खिलाड़ियों में, इंग्लैंड के जो रूट को इंटरनेशनल क्रिकेटर ऑफ द ईयर और न्यूजीलैंड के केन विलियमसन को पुरुष वनडे बैटर ऑफ द ईयर चुना गया। वहीं, वेस्टइंडीज के महान बल्लेबाज ब्रायन लारा को लाइफटाइम अचीवमेंट अवॉर्ड से सम्मानित किया गया, जिससे यह समारोह वैश्विक क्रिकेट सितारों के लिए एक यादगार रात बन गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *