रिया सिन्हा

बिहार विधानसभा चुनाव 2025 की तारीखों के ऐलान के बाद राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) में सीटों के बंटवारे को लेकर खींचतान जारी है। लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के अध्यक्ष और केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) से सम्मानजनक सीटों की मांग की है, जिससे गठबंधन में पेंच फंस गया है। सूत्रों के मुताबिक, चिराग पासवान की पार्टी 40-54 सीटें चाहती है, जबकि बीजेपी उन्हें 20-25 सीटें देने पर राजी है।

बीजेपी नेताओं ने की चिराग से मुलाकात

सीटों पर सहमति बनाने के लिए बीजेपी के वरिष्ठ नेताओं ने चिराग पासवान से मुलाकात की। बिहार चुनाव प्रभारी धर्मेंद्र प्रधान और राष्ट्रीय महामंत्री विनोद तावड़े ने मंगलवार को दिल्ली में चिराग पासवान के आवास पर उनसे लंबी बातचीत की। इस बैठक में चिराग की मांगों और बिहार चुनाव में संभावित मुद्दों पर चर्चा हुई। चिराग पासवान की प्रमुख मांग है कि लोकसभा चुनाव 2024 में उनकी पार्टी ने जिन पांच सीटों पर जीत हासिल की थी, उनमें से हर एक से कम से कम दो विधानसभा सीटें उन्हें मिलनी चाहिए।

जल्द हो सकता है अंतिम फैसला

बीजेपी नेताओं ने चिराग पासवान को भरोसा दिलाया है कि उनकी मांगों पर जल्द ही पार्टी के वरिष्ठ नेताओं के साथ चर्चा की जाएगी और जवाब दिया जाएगा। संभावना है कि एक-दो दिन में चिराग और बीजेपी के शीर्ष नेतृत्व के बीच एक और बैठक हो सकती है, जिसमें सीट बंटवारे पर अंतिम सहमति बन सकती है। चिराग पासवान ने पहले ही साफ कर दिया है कि उनके लिए ‘बिहार फर्स्ट, बिहारी फर्स्ट’ है, और ज़रूरत पड़ने पर वो केंद्रीय मंत्री पद भी छोड़ने को तैयार हैं। एनडीए के सहयोगी दलों को साधने की यह कवायद बताती है कि सीट बंटवारे का फॉर्मूला जल्द ही सामने आ सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *