रिया सिन्हा
रोहित शर्मा से वनडे टीम की कप्तानी छिनने और शुभमन गिल को नया वनडे कप्तान बनाए जाने के बाद, अब टी20 फॉर्मेट में भी नेतृत्व परिवर्तन की चर्चा तेज हो गई है। टीम इंडिया के चीफ सेलेक्टर अजीत अगरकर ने हाल ही में एक बड़ा बयान दिया, जिसके बाद कयास लगाए जा रहे हैं कि सूर्यकुमार यादव से भी टी20 टीम की कमान छिनी जा सकती है।
क्या तीनों फॉर्मेट में होंगे एक ही कप्तान?
ऑस्ट्रेलिया दौरे के लिए टीम इंडिया का ऐलान करते हुए अगरकर ने कहा था कि तीनों फॉर्मेट में अलग-अलग कप्तान रखना ‘व्यावहारिक रूप से असंभव’ है, क्योंकि इससे रणनीति बनाने में मुश्किल होती है। शुभमन गिल पहले से ही टेस्ट टीम के कप्तान हैं और उन्हें अब वनडे टीम का कप्तान भी बना दिया गया है। ऐसे में अगरकर के बयान से यह संकेत मिलता है कि बीसीसीआई तीनों फॉर्मेट में एक ही कप्तान की नीति पर विचार कर सकता है।
गिल बन सकते हैं टी20 के भी कप्तान
मौजूदा समय में टी20 टीम की कमान सूर्यकुमार यादव के पास है, जिनकी कप्तानी में भारत ने हाल ही में एशिया कप 2025 का खिताब भी जीता है। हालांकि, चीफ सेलेक्टर के बयान के बाद यह संभावना जताई जा रही है कि आने वाले समय में शुभमन गिल को टी20 टीम की भी कमान सौंपी जा सकती है, जिससे वह तीनों फॉर्मेट में भारतीय टीम के कप्तान बन जाएंगे। हालांकि, इस संबंध में अभी कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन रोहित शर्मा के बाद सूर्यकुमार की कप्तानी पर भी खतरा मंडरा रहा है।
