रिया सिन्हा
अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेले जा रहे वेस्टइंडीज और भारत के बीच पहले टेस्ट मैच के तीसरे दिन भारतीय टीम ने अपनी पकड़ बेहद मजबूत कर ली है। लंच ब्रेक तक वेस्टइंडीज ने अपनी दूसरी पारी में 5 विकेट खोकर 66 रन बनाए हैं। मेहमान टीम अभी भी भारत से 220 रन पीछे है।
भारत ने 448 पर घोषित की पहली पारी
तीसरे दिन के खेल की शुरुआत से पहले भारत ने अपनी पहली पारी 5 विकेट पर 448 रन बनाकर घोषित कर दी। इस तरह भारत को पहली पारी के आधार पर 286 रनों की बड़ी बढ़त मिली। भारत के लिए इस पारी में केएल राहुल (100), युवा विकेटकीपर ध्रुव जुरेल (125) और ऑलराउंडर रवींद्र जडेजा (नाबाद 104) ने शानदार शतक जड़ते हुए टीम को विशाल स्कोर तक पहुंचाया था। वेस्टइंडीज की टीम पहली पारी में सिर्फ 162 रन पर सिमट गई थी।
वेस्टइंडीज की दूसरी पारी लड़खड़ाई, जडेजा का कहर
दूसरी पारी में भी वेस्टइंडीज की बल्लेबाजी बेहद निराशाजनक रही और भारतीय गेंदबाजों के सामने पहले सत्र में ही उसके 5 विकेट गिर गए। भारत के लिए रवींद्र जडेजा ने अपनी शानदार फॉर्म जारी रखते हुए 3 विकेट चटकाए, जबकि मोहम्मद सिराज और कुलदीप यादव को 1-1 सफलता मिली। वेस्टइंडीज के बल्लेबाज सस्ते में पवेलियन लौटे।
भारत पारी की जीत से 5 विकेट दूर
लंच ब्रेक तक एलिक अथानाजे (27*) और जस्टिन ग्रीव्स (10*) क्रीज पर मौजूद थे, लेकिन वेस्टइंडीज पर पारी की हार का खतरा मंडरा रहा है। भारत इस मैच में बड़ी और निर्णायक जीत दर्ज करने से अब सिर्फ 5 विकेट दूर है, और उम्मीद है कि मैच का नतीजा तीसरे दिन ही आ सकता है।
