KL Rahul

रिया सिन्हा

भारत और वेस्टइंडीज के बीच नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेले जा रहे पहले टेस्ट मैच के दूसरे दिन भारतीय सलामी बल्लेबाज केएल राहुल के बल्ले ने शानदार प्रदर्शन किया। राहुल ने वेस्टइंडीज के गेंदबाजों की कुटाई में कोई कसर नहीं छोड़ी और अपने टेस्ट करियर का 11वां शतक पूरा किया। उनकी इस संयमित और बेहतरीन पारी की बदौलत टीम इंडिया ने पहली पारी में वेस्टइंडीज पर मजबूत बढ़त हासिल कर ली है।

लंबा इंतजार हुआ खत्म

केएल राहुल का यह शतक कई मायनों में खास है। उन्होंने 190 गेंदों का सामना करते हुए अपना शतक पूरा किया। यह शतक लगभग 9 साल के लंबे अंतराल के बाद भारतीय सरजमीं पर आया है। इससे पहले उन्होंने आखिरी बार 2016 में चेन्नई में इंग्लैंड के खिलाफ भारत में टेस्ट शतक जड़ा था। इस शतक के साथ, राहुल ने घर में शतक के लिए 3211 दिन का लंबा इंतजार खत्म किया, जो उनकी फॉर्म और मानसिक मजबूती को दर्शाता है।

वेस्टइंडीज के खिलाफ उनका यह दूसरा टेस्ट शतक है। राहुल ने कप्तान शुभमन गिल के साथ मिलकर एक अहम साझेदारी भी निभाई, जिसने भारतीय पारी को मजबूती दी। हालांकि, शतक पूरा करने के तुरंत बाद ही वह रोस्टन चेज का शिकार बन गए और 100 रन बनाकर आउट हो गए। उनकी यह पारी टीम इंडिया को बड़े स्कोर की तरफ ले जाने में निर्णायक साबित हुई है। इस शानदार प्रदर्शन के साथ, केएल राहुल ने आलोचकों को करारा जवाब दिया है और टेस्ट क्रिकेट में अपनी जगह को और मजबूत किया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *