रिया सिन्हा

असम और बॉलीवुड के लोकप्रिय गायक जुबिन गर्ग की सिंगापुर में हुई असामयिक मौत का मामला गरमाता जा रहा है। मामले की जांच कर रही विशेष जांच दल (SIT) ने अब सिंगर के मैनेजर सिद्धार्थ शर्मा और ‘नॉर्थ ईस्ट इंडिया फेस्टिवल’ के आयोजक श्यामकानु महंत को गिरफ्तार कर लिया है।

दिल्ली से हुई दो प्रमुख गिरफ्तारियां

पुलिस सूत्रों के मुताबिक, श्यामकानु महंत को सिंगापुर से लौटने के तुरंत बाद दिल्ली एयरपोर्ट पर पकड़ा गया, जबकि जुबिन गर्ग के मैनेजर सिद्धार्थ शर्मा को गुरुग्राम के एक फ्लैट से गिरफ्तार किया गया है। गिरफ्तारी के बाद दोनों को पूछताछ के लिए गुवाहाटी ले जाया गया है। असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा के निर्देश पर गठित 10 सदस्यीय एसआईटी इस मामले की गहन जांच कर रही है।

जांच के घेरे में लापरवाही और साजिश

जुबिन गर्ग की मौत 19 सितंबर को सिंगापुर में स्कूबा डाइविंग हादसे में हुई थी, जिसे परिवार ने सिर्फ प्राकृतिक मृत्यु मानने से इनकार कर दिया है। परिवार की शिकायत के बाद ही एसआईटी का गठन किया गया, जिसे कई लोगों के खिलाफ दर्ज एफआईआर को क्लब कर दिया गया है। मैनेजर सिद्धार्थ शर्मा और आयोजक श्यामकानु महंत पर लापरवाही से मौत और आपराधिक साजिश से जुड़ी धाराओं के तहत मामला दर्ज है।

एसआईटी इन दोनों से सिंगर की मौत से जुड़ी घटनाओं और उस समय की परिस्थितियों के बारे में विस्तार से पूछताछ करेगी, ताकि यह पता चल सके कि क्या यह सिर्फ एक हादसा था या इसके पीछे कोई गहरी साजिश छिपी है। एसआईटी पहले ही शर्मा के गुवाहाटी स्थित घर की तलाशी ले चुकी है और कई दस्तावेज जब्त किए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *