रिया सिन्हा
भाजपा नेता पिंटू महादेव द्वारा लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी को जान से मारने की धमकी दिए जाने के बाद वाराणसी महानगर कांग्रेस कमेटी में भारी आक्रोश देखा गया। महानगर कांग्रेस कमेटी ने तत्काल एक आपात बैठक बुलाई, जिसकी अध्यक्षता राघवेंद्र चौबे ने की। इस बैठक में सर्वसम्मति से भाजपा प्रवक्ता की शर्मनाक टिप्पणी की कड़ी निंदा करते हुए एक प्रस्ताव पारित किया गया।
कांग्रेस नेताओं ने इस घटना को भारतीय राजनीति के लिए गंभीर चिंता का विषय बताया। उनका कहना है कि एक राष्ट्रीय पार्टी के प्रवक्ता द्वारा लाइव टीवी डिबेट में विपक्षी नेता को ‘सीने में गोली मारने’ की धमकी देना, देश के लोकतांत्रिक मूल्यों पर सीधा हमला है।
प्रधानमंत्री और गृहमंत्री से सुरक्षा की मांग
वाराणसी कांग्रेस कमेटी ने केंद्र सरकार से तत्काल कार्रवाई की मांग की है। राघवेंद्र चौबे ने कहा कि राहुल गांधी केवल कांग्रेस के नेता नहीं, बल्कि देश की जनता की आवाज़ हैं। उन्होंने याद दिलाया कि गांधी परिवार के सदस्यों पर पहले भी प्राणघातक हमले हो चुके हैं, इसलिए राहुल गांधी की सुरक्षा सुनिश्चित करना पूरे देश की जिम्मेदारी है।
कांग्रेस ने प्रधानमंत्री और गृहमंत्री से मांग की है कि राहुल गांधी की सुरक्षा को तत्काल बढ़ाया जाए और धमकी देने वाले भाजपा प्रवक्ता पिंटू महादेव के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में कोई भी राजनीतिक बहस में इस तरह की हिंसक भाषा का प्रयोग करने का साहस न कर सके। कांग्रेस का मानना है कि यह धमकी विपक्ष को चुप कराने की एक सुनियोजित साजिश का हिस्सा है।
