रोहित रजक रिपोर्ट:-

शिक्षा और परिवार

भारतीय जनता पार्टी के नेता देवेंद्र कुमार जैन शिवपुरी विधानसभा क्षेत्र (क्रमांक-25) से विधायक हैं। उनका जन्म 5 जनवरी 1953 को कोलारस, जिला शिवपुरी में हुआ। वे बी.कॉम. तक शिक्षित हैं और पेशे से कृषि एवं व्यापार से जुड़े रहे हैं। उनकी पत्नी का नाम श्रीमती पद्मा जैन है तथा उनके एक पुत्र और चार पुत्रियाँ हैं।

प्रारंभिक राजनीतिक जीवन

देवेंद्र जैन का राजनीतिक जीवन समाजसेवा से शुरू हुआ। 1974 से 2005 तक वे लायंस क्लब शिवपुरी से जुड़े रहे और कई सामाजिक संस्थाओं के सदस्य तथा संरक्षक बने। 1983 में वे नगर पालिका परिषद शिवपुरी के पार्षद निर्वाचित हुए और वित्त समिति के अध्यक्ष भी बने। इसके बाद 1990 से 1992 तक शिवपुरी विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष पद पर रहते हुए क्षेत्र के विकास में योगदान दिया।

विधानसभा चुनाव और जीत

विधानसभा की राजनीति में उनकी एंट्री वर्ष 1993 में हुई जब वे पहली बार दसवीं विधानसभा के सदस्य निर्वाचित हुए। इसके बाद वर्ष 2006 में उन्हें भाजपा ने शिवपुरी जिला अध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी और 2008 के विधानसभा चुनाव में वे तेरहवीं विधानसभा के सदस्य निर्वाचित हुए।

साल 2023 के विधानसभा चुनाव में देवेंद्र जैन ने भाजपा प्रत्याशी के रूप में कांग्रेस उम्मीदवार को हराकर तीसरी बार विधानसभा में प्रवेश किया। इस जीत ने यह साबित किया कि शिवपुरी क्षेत्र की जनता आज भी उनके नेतृत्व और विकास कार्यों पर भरोसा करती है।

विकास कार्य

अपने अब तक के राजनीतिक जीवन में देवेंद्र जैन ने वृक्षारोपण, खेलों को प्रोत्साहन, सामाजिक संस्थाओं को सहयोग और आधारभूत विकास कार्यों को प्राथमिकता दी है। समाज सेवा के प्रति उनकी निष्ठा और जनता के बीच उनकी लोकप्रियता ने उन्हें शिवपुरी क्षेत्र का एक प्रभावशाली और सक्रिय नेता बना दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *